नागौर जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के विरुद्ध दो बड़ी कार्रवाइयां की हैं। इस अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने जहां तस्करी की काली कमाई से बनाई गई अवैध संपत्ति को सीज किया, वहीं खींवसर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
सदर थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए आरोपी अंकित सिंह उर्फ अंकु बन्ना द्वारा नशा बेचकर अर्जित आय से ग्राम गोगेलाव में बनाए गए आलीशान मकान को सीज कर दिया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व में सवाई माधोपुर के बौंली थाने में मादक पदार्थ तस्करी का मामला दर्ज है। पुलिस द्वारा इस संपत्ति को फ्रीज करने के आदेश को दिल्ली स्थित सक्षम प्राधिकारी ने भी जांच और सुनवाई के बाद सही मानते हुए अपनी पुष्टि प्रदान कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी और सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया, जिसमें कांस्टेबल सुरेंद्र का विशेष योगदान रहा।
दूसरी ओर, खींवसर थाना पुलिस ने गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक बड़ी सफलता प्राप्त की है। पुलिस टीम ने कुडछी निवासी रामनिवास को रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 12 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त उसकी मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। आईपीएस (प्रो.) और थानाधिकारी अदिति उपाध्याय के नेतृत्व में की गई इस कार्यवाही में उपनिरीक्षक कन्हैयालाल सहित टीम के सदस्य श्रवणराम और उम्मेद सिंह की मुख्य भूमिका रही।


