देवरिया पुलिस की बड़ी कारवाई…बीच सड़क बारातियों के खतरनाक स्टंट और आतिशबाजी से घंटों सहमे थे राहगीर

देवरिया पुलिस की बड़ी कारवाई…बीच सड़क बारातियों के खतरनाक स्टंट और आतिशबाजी से घंटों सहमे थे राहगीर

जिले के देवरिया- कसया रोड स्थित बीच सड़क पर बारातियों द्वारा गाड़ियों के छत व बोनट पर चढ़कर आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली राकेश राय ने बताया की यह वीडियो थाना कोतवाली क्षेत्र के कसया रोड का है।

सूचना मिलते ही पहुंची थी पुलिस

पुलिस के मुताबिक बारात गुजरने के दौरान कुछ बाराती सड़क पर गाड़ी के छत व बोनट पर चढ़कर पटाखे छोड़ रहे थे, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही हल्का उपनिरीक्षक व थाना कोतवाली की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सड़क खाली कराकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया गया।

एक बाराती गिरफ्तार, 10 हजार का ई-चालान

पुलिस ने कारवाई करते हुए अराजकता फैलाने वाले शुभम वर्मा पुत्र राजकुमार वर्मा निवासी राम गुलाम टोला पूर्वी, थाना कोतवाली देवरिया की पहचान कर गिरफ्तार किया गया हैं औऱ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्यवाई किया गया हैं। साथ ही संबंधित वाहनों का 10 हजार रुपये का ई-चालान भी किया गया है।

बारातियों के तांडव से घंटों लगा रहा जाम

बता दें कि शहर में एक बारात के दौरान बीच सड़क पर बारातियों का तांडव देखने को मिला। बारातियों की लापरवाही और स्टंटबाजी के कारण कसया रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वाहनों की छत और बोनट पर चढ़ कर आतिशबाजी

मामला सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के कसया रोड स्थित एक मैरिज हॉल के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार बारात पहुंचने के दौरान कुछ युवक गाड़ियों के बोनट पर चढ़कर हाथों में पटाखे लेकर जमकर आतिशबाजी करते नजर आए। वहीं कुछ युवक गाड़ियों के ऊपर खड़े होकर नोटों की गड्डियां उड़ाते भी दिखाई दिए।

सड़क पर मची रही अफरा तफरी

बारातियों की इस हरकत के चलते सड़क पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया और कसया रोड पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज शोर-शराबे और स्टंटबाजी की वजह से कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *