सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन: सीधी कलेक्टर और गुना एसपी हटाए गए

सीएम मोहन यादव का बड़ा एक्शन: सीधी कलेक्टर और गुना एसपी हटाए गए

MP News: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लेते हुए सीधी कलेक्टर और गुना एसपी को हटा दिया है। सीएम मोहन यादव मिर्जापुर से लौटते वक्त अचानक सीधी जिले के औचक दौरे पर रुके। यहां उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली और बैठक के बाद जब मीडिया ने सीएम मोहन यादव से अचानक दौरे को लेकर सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि अचानक हुए दौरे का असर भी जल्द दिखेगा और इसके कुछ देर बाद ही सीधी कलेक्टर को हटा दिया गया।

Collector Swarochish Somavanshi

सीधी कलेक्टर को हटाया

सीधी जिले के आकस्मिक भ्रमण में आम जनता एवं जन प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न मुद्दों पर की गई शिकायतों एवं जिला प्रशासन तथा विभिन्न विभागों की क्रिया कलापों पर विस्तार से समीक्षा एवं फीडबैक लेने के बाद सीएम मोहन यादव ने बड़ा एक्शन लिया। सीएम मोहन यादव ने सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से कलेक्टर पद से हटाए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक पीएस धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश सीएम मोहन यादव ने दिए हैं।

ips ankit soni

गुना एसपी को भी हटाया

वहीं गुना जिले में तलाशी के दौरान मिली नकद राशि के हेर-फेर के प्रकरण में गुना एसपी अंकित सोनी को भी तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश सीएम मोहन यादव ने दिए हैं। बता दें कि गुना में नेशनल हाईवे-46 पर चेकिंग के दौरान एक करोड़ रुपए की नकदी पकड़ने और फिर 20 लाख रुपए की रिश्वत लेकर मामला रफा-दफा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। डीजीपी के संज्ञान में मामला आने के बाद ग्वालियर रेंज के डीआइजी अमित सांघी ने गुना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। ग्वालियर रेंज के आइजी अरविंद सक्सेना ने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की पुष्टि की है।

ये है पूरा मामला

गुना जिले के धरनावदा थाने की रूठियाई चौकी के पास नेशनल हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने गुजरात पासिंग कार (जीजे-05- आरके-9351) को रोका, जिसमें लगभग एक करोड़ रुपए कैश बरामद हुआ। इतनी बड़ी रकम देख थाने के तीन रसूखदार पुलिसकर्मी (एक थाना प्रभारी, एक एएसआइ और एक हेड कांस्टेबल) सक्रिय हो गए। आरोप है कि व्यापारी के साथ थाने में ही डील हुई और 20 लाख रुपए लेकर बाकी के 80 लाख रुपए के साथ उसे रवाना कर दिया गया। मामला तब बिगड़ा जब पीड़ित व्यापारी ने गुजरात के एक आइपीएस अधिकारी को अपनी पीड़ा सुनाई। उक्त अधिकारी ने सीधे मध्य प्रदेश डीजीपी को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। मुख्यालय की सख्ती देखते ही धरनावदा पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और आनन-फानन में वसूली गई 20 लाख की रकम व्यापारी को वापस लौटा दी गई। इस मामले में टीआई सहित 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *