बिलासपुर। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की बिलासपुर टीम ने मस्तूरी क्षेत्र के फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी एसीबी अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम विद्याडीह, थाना मस्तूरी निवासी महेंद्र पटेल ने तीन फरवरी को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में बताया गया था कि ग्राम विद्याडीह की शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन फिलहाल पंचायत द्वारा किया जा रहा है। उक्त दुकान को शैल स्व सहायता समूह विद्याडीह को आवंटित कराने के लिए समूह ने करीब तीन माह पहले एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन दिया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, दुकान का शीघ्र आवंटन कराने और समूह के पक्ष में अनुकूल जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के एवज में फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी। महेंद्र पटेल रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाने के इरादे से एसीबी पहुंचा।
शिकायत सत्य पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 21 फरवरी को 90 हजार रुपए आरोपी को उसके महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित आवास पर दिए गए, जिसे स्वीकार करते ही एसीबी टीम ने उसे धर दबोचा। पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली गई है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।


