एटा में भोपाल SOG की कार ट्रैक्टर से टकराई:दबिश से लौटते समय चार पुलिसकर्मी घायल, एक रेफर

एटा में भोपाल SOG की कार ट्रैक्टर से टकराई:दबिश से लौटते समय चार पुलिसकर्मी घायल, एक रेफर

एटा जिले में भोपाल पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की एक इनोवा कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। यह दुर्घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के चांदपुर के पास हुई। हादसे में कार में सवार चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कार में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकालने में मदद की। कोतवाली नगर पुलिस ने सभी घायलों को एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल एक पुलिसकर्मी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घायलों में कांस्टेबल सुरजीत उर्फ सूरज (32), अजीत, आनंद पांडे (32) और मोहम्मद इमरान खान (35) शामिल हैं। इनमें कांस्टेबल अजीत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, भोपाल SOG की टीम एटा के जैथरा क्षेत्र में एक दबिश के बाद वापस लौट रही थी, तभी चांदपुर के पास यह हादसा हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली नगर थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस द्वारा घायल पुलिसकर्मियों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां से उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *