125 क्विंटल खिचड़ी प्रसाद के लिए किया भट्टी पूजन, 400 से अधिक जवान तैनात

भास्कर संवाददाता | आगर मालवा
महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को बाबा बैजनाथ महादेव का दरबार सजेगा। कलाकारों द्वारा मंदिर परिसर को फूलों से सजाया जा रहा है। वहीं बाबा का दूल्हे के रूप में विशेष शृंगार कर सेहरा बांधा जाएगा। पांच दिनों से चल रहे अखंड रामचरित्र मानस यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ महाअभिषेक भी इसी दिन होगा। परंपरा अनुसार सन 1974 से यहां महाशिवरात्रि पर पांच दिवसीय रामचरित्र मानस यज्ञ आयोजित किया जाता है तथा अखंड रामायण की नई स्थापना की जाती है। इस वर्ष भी पूर्णाहुति के साथ नई स्थापना होगी। पांच दिवसीय आयोजनों के दौरान चल रहे अखंड भजन-कीर्तन एवं विभिन्न मंदिरों में जाप-महामंत्र का समापन भी महाशिवरात्रि पर किया जाएगा। मंदिर समिति के अनुसार इस वर्ष डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। दर्शन व्यवस्था नवनिर्मित सभागृह से की गई है, जहां महिला-पुरुषों की अलग कतारें बनाकर 15 से 20 मिनट में दर्शन कराने की व्यवस्था रहेगी। महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भक्त मंडल द्वारा 125 क्विंटल फलाहारी खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को मंदिर परिसर में भट्टी पूजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ओम मालवीय, कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजयलक्ष्मी तंवर, नपा अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, भाजपा महामंत्री मयंक राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। भक्त मंडल अध्यक्ष गिरीराज बंसिया, महेंद्र महेश्वरी, कमलेश गुप्ता, डॉ. नरेंद्र सिंह ठाकुर, डॉ. रूपेश भावसार, जगदीश, राजेश मेठी, अशोक प्रजापत, यज्ञाचार्य पं. सुरेंद्र शास्त्री सहित सदस्य मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने विशेष यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था लागू की है। रात 2 बजे से मुख्य गेट (कोटा रोड) से केवल दोपहिया वाहन एवं पैदल प्रवेश मिलेगा। चारपहिया और बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। विकलांग, बुजुर्ग व बीमार श्रद्धालुओं के लिए ऑटो को अनुमति रहेगी। दोपहिया वाहन नवीन पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएंगे। बड़े वाहन जिला जेल व पुरानी आरामशीन के पास मैदान में पार्क होंगे। कसाई देहरिया मार्ग से आने वाले श्रद्धालु यज्ञशाला के पास बनी पार्किंग का उपयोग करेंगे। हेलीपेड ग्राउंड, वेयरहाउस व खुले बाड़े मुख्य पार्किंग स्थल रहेंगे, जहां से आगे पैदल प्रवेश रहेगा। भारी वाहनों को विभिन्न जोड़ मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 400 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात रहेंगे। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, एएसपी रविंद्र कुमार बोयट, दोनों एसडीओपी सहित निरीक्षक, उपनिरीक्षक, आरक्षक, सैनिक एवं कोटवार ड्यूटी पर रहेंगे। अन्य मंदिरों में भी आयोजन बैजनाथ महादेव मंदिर के साथ शहर के अचलेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य शिव मंदिरों में भी महाशिवरात्रि पर विशेष पूजन-अर्चन एवं धार्मिक आयोजन होंगे, जिनकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *