Rajasthan SI Exam 2025 : राजस्थान लोक सेवा आयोग की उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन सोमवार को शहर में एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। कला मंदिर विद्यालय परीक्षा केन्द्र पर सेवर निवासी मनीष कुमार अपनी पत्नी निशा को परीक्षा दिलाने पहुंचे, लेकिन तय समय पर गेट बंद होने होने से से वह प्रवेश नहीं कर सकी। मनीष ने बताया कि वे सुबह ठीक 10 बजे परीक्षा केन्द्र पर पहुंच गए थे, लेकिन तब तक गेट बंद हो चुका था। सुरक्षाकर्मियों से अंदर जाने की गुहार लगाई, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए प्रवेश नहीं दिया गया।
मुश्किल हालात भी तैयारी जारी रखी
इस दौरान मनीष भावुक हो उठे। उन्होंने बताया कि पत्नी की पढ़ाई के लिए उन्होंने कर्ज तक लिया। इसी बीच उनके दादा का निधन भी हो गया, लेकिन मुश्किल हालात के बावजूद तैयारी जारी रखी गई।
इस मार्मिक दृश्य को देखकर लोग भावुक हो उठे
… सोचा था इस बार मेहनत रंग लाएगी, लेकिन एक पल की देरी ने सब कुछ खत्म कर दिया… कहते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। नवंबर में ही दोनों की शादी हुई थी। मौके पर पत्नी निशा ने पति को संभालते हुए ढांढस बंधाया और उनके आंसू पोंछे। परीक्षा केन्द्र पर मौजूद लोग भी इस मार्मिक दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।
भरतपुर में 72 केंद्र, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
इधर भरतपुर में उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर सीधी भर्ती प्रतियोगी परीक्षा के दूसरे दिन सोमवार को शहर के 72 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की गई। प्रवेश के दौरान सघन जांच की गई, जिसमे निर्धारित ड्रेस कोड का सख्ती से पालन कराया गया। कई केन्द्रों पर फुल स्लीव शर्ट या टी-शर्ट पहनकर पहुंचे अभ्यर्थियों की आस्तीन कैंची से काटकर ही प्रवेश दिया गया। वहीं जींस के बटन भी कटवाकर अभ्यर्थियों को अंदर जाने की अनुमति दी गई।
निगरानी के लिए 12 सतर्कता दल गठित
परीक्षा की निगरानी के लिए 12 सतर्कता दल गठित किए गए थे, जो लगातार केन्द्रों पर नजर बनाए रहे। सख्ती का आलम यह रहा कि देरी से पहुंचने वाले कई परीक्षार्थी केंद्रों के बाहर रोते नजर आए। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई।
कितने उपस्थित व कितने अनुपस्थित रहे
पहली पारी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक हिन्दी विषय की रही। इसमें कुल 21058 अभ्यर्थियों में से 13976 उपस्थित रहे, जबकि 7082 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार उपस्थिति 66.37 प्रतिशत और अनुपस्थिति 33.63 प्रतिशत दर्ज की गई।
दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक जनरल नॉलेज एवं जनरल साइंस विषय की परीक्षा हुई। इसमें भी कुल 21058 अभ्यर्थियों में से 13886 उपस्थित और 7172 अनुपस्थित रहे। इस पारी में 65.85 प्रतिशत उपस्थिति और 34.15 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई।


