जालंधर| शहीद बाबू लाभ सिंह नगर स्थित बब्बर ज्वेलर्स में हुई चोरी व लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और चौकसी के दावों की पोल खोल कर रख दी है। इस घटना को लेकर पूर्व विधायक केडी भंडारी ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। भंडारी ने कहा कि जालंधर अब अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है। नाइट डोमिनेशन और गश्त के दावे केवल कागजों तक ही सीमित नजर आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि पुलिस पूरी रात गश्त कर रही थी, तो फिर चोर दुकान का शटर तोड़कर वारदात को कैसे अंजाम दे गए। पूर्व विधायक ने कहा कि एक व्यापारी ने जीवनभर की मेहनत से जो पूंजी एकत्र की थी, उसे अपराधी बिना किसी भय के लूट ले गए, जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी पुलिस प्रशासन शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार करें नहीं तो प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।


