शहर से दूर किराये के फ्लैट में चल रहा-था सट्टा:भारत और साउथ अफ्रीका के टी-20 क्रिकेट मैच पर; 4 गिरफ्तार, 67 मोबाइल और 90000 रुपए बरामद

शहर से दूर किराये के फ्लैट में चल रहा-था सट्टा:भारत और साउथ अफ्रीका के टी-20 क्रिकेट मैच पर; 4 गिरफ्तार, 67 मोबाइल और 90000 रुपए बरामद

राजस्थान में बड़े पैमाने पर सट्टा कारोबार चल रहा है। जयपुर कमिश्नरेट की CST टीम ने बड़े सट्टा कारोबार का भंडाफोड़ किया। बगरू थाना क्षेत्र से क्रिकेट मैच पर लगाए जा रहे सट्टा कारोबार में चार सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 67 मोबाइल फोन, 02 लैपटॉप, 01 वाई-फाई सेटअप बॉक्स, 02 वाई-फाई राउटर, 15 मोबाइल चार्जर, 02 माउस, 02 की-बोर्ड, 01 एलईडी टीवी और 90 हजार रुपए नगद सट्टा राशि बरामद की गई है। यह कार्रवाई एडिशनल पुलिस कमिश्नर (संगठित अपराध) लाल मीना के नेतृत्व में सी.एस.टी. जयपुर की टीम ने की। पकड़े गए सट्टेबाज भारत और साउथ अफ्रीका के टी-20 क्रिकेट मैच पर सट्टा लगा रहे थे। हालांकि ये मैच रद्द हो गया था, लेकिन सट्टा नेटवर्क पूरी तरह एक्टिव था। पकड़े गए आरोपियों में विजय, सिद्धांत सोनी, जयकुमार और अक्षय मनशानी शामिल हैं। सिद्धांत सोनी चित्रकूट जयपुर, जयकुमार दौनाली मॉडल टाउन मालवीय नगर, विजय भगतानी अग्रवाल फॉर्म मानसरोवर और अक्षय मनशानी स्वर्णपथ मानसरोवर के रहने वाले हैं। ये आरोपी नामी सटोरिए भावेश बच्चनी और भानू शर्मा की लाइन लेकर अपने इस काले कारोबार को चला रहे थे। स्पेशल कमिश्नर (ऑपेरशन) राहुल प्रकाश ने बताया- आरोपी संगठित गिरोह बनाकर क्रिकेट मैचों पर सट्टा संचालन कर रहे थे। आरोपी जयपुर शहर के निवासी होने के बावजूद शहर से दूर किराये के फ्लैट लेकर खुले स्थानों पर सट्टा चला रहे थे। पूछताछ में सामने आया कि सट्टे की लाइन भावेश और भानू शर्मा नामक व्यक्तियों से ली जा रही थी, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। उन्होंने बताया- मोबाइल और इंटरनेट के जरिए लाइव मैच के भाव पर सट्टा लगाया जा रहा था। सीएसटी टीम के एएसआई कमल सिंह डागर और जितेंद्र को इस सट्टा नेटवर्क की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद कमिश्नरेट की सीएसटी टीम ने पूरी योजना के तहत बगरू इलाके के एक फ्लैट पर रेड की, जहां से पूरे सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश हो गया। पुलिस अब सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना है

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *