Best places to visit in India for summer vacation: अगर आप आने वाले लॉग विकेंड पर या गर्मियों की छुट्टियों में कहीं घूमने जाने की प्लानिंग कर रहे हैं और किसी ऐसी जगह की तलाश कर रहे हैं जो शहर के शोर शराबे से दूर होने के साथ ही गर्मियों से भी आराम मिले और आप परिवार या पार्टनर के साथ मजे में छुट्टियां इंज्वाय कर पाएं तो हमारी आज की स्टोरी आपके लिए होने वाली है। आज के इस लेख में हम देश की एक ऐसी जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जहां सड़कों पर गाड़ियां नहीं, बल्कि पानी पर नावें चलती हैं। यहां की सुबह पक्षियों की चहचहाहट और पानी की लहरों के साथ होती है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।
नो सड़क, नो कार और नो शोर
अगर आप इस समर वेकेशन वाकई एक यूनिक और शांत जगह जाना चाहते हैं, तो केरल का अलपुजा (जिसे पहले आलेप्पी कहा जाता था) आपके लिए बेस्ट जगह हो सकती है। भारत के केरल राज्य में स्थित यह शहर अरब सागर (लक्षद्वीप सागर) के तट पर बसा हुआ है। इस शहर के गांवों की सबसे अनोखी बात यह है कि यहां घर के बाहर कदम रखते ही आपको पक्की सड़कें नहीं, बल्कि बैकवाटर्स का शांत पानी मिलता है। यह भारत का वह कोना है जहां लाइफ पानी की लहरों के साथ कदम मिला कर चलती है। यहां की ताजी हवा और चारों तरफ फैली हरियाली आपके आंखों को सुकून देने का काम करेंगी।
होटल नहीं, पानी पर तैरता घर
अलपुजा की सबसे खास पहचान यहां की हाउस बोट है। यहां रहने के लिए आपको किसी कंक्रीट की बिल्डिंग वाले होटल की जरूरत नहीं पड़ती। यह एक ऐसी बोट है जो सिर्फ सफर का जरिया नहीं, बल्कि आपका पूरा चलता-फिरता होटल बन जाती है। इन हाउस बोट्स में आपको आरामदायक बेडरूम, खुला डेक यानी छत और लजीज ट्रेडिशन खाने के साथ ही आपको वे सभी सुविधाएं मिलती हैं जिसकी आप कल्पना करते हैं। इसके साथ ही पानी के बीचों-बीच एक शानदार डेक पर बैठना आपको दुनिया के हर तनाव से दूर लेजाएगा।
नारियल के पेड़ों के बीच जादुई सफर
अलपुजा का नजारा किसी पेंटिंग जैसा लगता है। बैकवाटर्स के चारों तरफ ऊंचे, हरे-भरे नारियल के पेड़ों की कतारें हैं और उनके बीच से धीरे-धीरे आगे बढ़ती आपकी हाउस बोट। यहां का शांत माहौल इतना गहरा होता है कि आपको सिर्फ पानी के कटने की आवाज सुनाई देती है। यहां एक रात बिताना सिर्फ एक ट्रिप नहीं है, बल्कि एक ऐसा रूहानी एक्सपीरियंस है जो आपकी यादों में हमेशा के लिए दर्ज हो जाता है।
सांस्कृतिक और प्राकृतिक मेल
केरल के इस हिस्से में आपको न केवल कुदरत का जादू दिखेगा, बल्कि यहां की सादगी भी आपका दिल जीत लेगी। यहां के लोग अपनी परंपराओं और बैकवाटर्स की रक्षा के प्रति बहुत जागरूक हैं। गर्मियों के दिनों में यहां का वातावरण आपको चिलचिलाती धूप से राहत देकर एक ठंडी और सुकून भरी छांव जैसा महसूस कराता है।
अलपुजा में क्या देखें?
अलपुजा में आप बैकवाटर्स और हाउस बोट के अलावा आप यहां का प्रसिद्ध अलपुजा बीच देख सकते हैं। साथ ही, यहां के पुराने मंदिरों और चर्चों की कारीगरी भी देखने लायक है। शाम के समय नहरों के किनारे बसे छोटे-छोटे गांवों की सैर आपको एक अलग ही दुनिया का अहसास कराएगी।
कैसे पहुंचें अलपुजा?
अलपुजा पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी एयरपोर्ट कोच्चि (Kochi) है, जहां से आप टैक्सी या बस ले सकते हैं। यदि आप ट्रेन से आना चाहते हैं, तो अलपुजा रेलवे स्टेशन (जिसे एलेप्पी रेलवे स्टेशन के नाम से भी जाना जाता है) देश के लगभग सभी प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है।


