Pahalgam Attack Anniversary से पहले पाकिस्तान ने भारत को दी गीदड़भभकी, कहा- अगली बार हमारा जवाब और भी जोरदार होगा

Pahalgam Attack Anniversary से पहले पाकिस्तान ने भारत को दी गीदड़भभकी, कहा- अगली बार हमारा जवाब और भी जोरदार होगा

Pahalgam Attack Anniversary: पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी से कुछ दिन पहले भारत और पाकिस्तान के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्रा ख्वाजा आसिफ ने भारत को गीदड़भभकी दी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भारत की किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई पर तेज और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। 

युद्ध के हो सकते हैं गंभीर परिणाम – आसिफ

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दो परमाणु शक्तियों के बीच युद्ध की गुंजाइश का भ्रम खतरनाक है और इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में पाकिस्तान की प्रतिक्रिया और ज़्यादा ताकतवर और निर्णायक होगी।

क्या बोले ख्वाजा आसिफ?

आसिफ ने भारत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की बरसी के करीब आते समय भारत की बयानबाजी से रणनीतिक चिंता साफ नजर आती है। 

उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान शांति और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी कार्रवाई का जवाब तेज, संतुलित और निर्णायक होगा।

क्या बोले राजनाथ सिंह?

इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने केरल में एक कार्यक्रम के दौरान पड़ोसी देश पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि अगर पड़ोसी देश की ओर से कोई गलत कदम उठाया गया, तो भारत निर्णायक कार्रवाई करेगा।

इस दौरान उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में मौजूद सभी आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। 

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान महज 22 मिनट में पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया था। इस कार्रवाई में पाकिस्तान और पीओके में कम से कम 9 आतंकी कैंप नष्ट किए गए, साथ ही कई सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया था। 

पहलगाम में आतंकियों ने किया था हमला

बता दें कि पिछले साल जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने हमला किया। आतंकियों ने पर्यटकों से धर्म पूछकर गोली चलाई। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। आतंकी हमले के बाद देशभर में गुस्सा का माहौल हो गया। भारत ने पाकिस्तान पर एक्शन लेते हुए कई बड़े फैसले लिए। भारत ने सिंधु जल संधि को भी स्थगित कर दिया। 

भारत ने आतंकी हमले का बदला लेने के लिए पाकिस्तान पर सैन्य कार्रवाई की। भारत की कार्रवाई में पाकिस्तान में आतंकी ठिकाने ध्वस्त होग गए। आखिरकार 10 मई को पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम की अपील के बाद स्थिति शांत हुई, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव अब भी बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *