हरियाणा के सिरसा में आर्केस्ट्रा डांसर सिमरन उर्फ सिम्मी की हत्या का खुलासा हुआ है। सिमरन 9 फरवरी की रात को फिल्म ‘बॉर्डर-2’ देखने गई थी। इसके बाद उसने अपने 9 साल के बेटे को हॉस्टल में छोड़ा और रात 9 बजे खुद अपने कमरे पर लौट आई। रात 12 बजे उसका बॉयफ्रेंड सुनील उसके कमरे पर आया, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ। सुनील ने सिमरन का गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर सिमरन की ही चुन्नी से कमरे में फांसी लगा ली। सूत्रों के मुताबिक, सुनील और सिमरन 5 महीने से एक दूसरे के संपर्क में थे। 2 महीने से सिमरन रानियां के एक युवक से भी बात करने लगी थी। सुनील को इस बात का पता चल गया था और इसी बात को लेकर सोमवार रात उनका आपस में झगड़ा हुआ। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर रही है। मंगलवार देर रात सिमरन और सुनील के परिजन सिरसा पहुंचे, जिस कारण इनका पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। आज पुलिस पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपेगी। 6 साल पहले पंचायती तौर पर तलाक हुआ सिमरन (34) फतेहाबाद जिले के रतिया के वार्ड नंबर 13 की रहने वाली थी। 6 साल पहले उसका पंचायती तौर पर पति से तलाक हो गया था। अब कोर्ट में भी केस चल रहा था। माता-पिता ने सिमरन को बेदखल किया हुआ है। 9 साल का बेटा सिमरन के पास रहता था और हिसार रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ता है। वहीं उसकी 5 साल की बेटी पिता के साथ रहती है। सुनील से आर्केस्ट्रा के दौरान मुलाकात हुई पुलिस के मुताबिक, सुनील (40) जींद जिले के ढाणी रामगढ़ का रहने वाला था। दोनों की आर्केस्ट्रा के दौरान मुलाकात हुई थी। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी दोनों बात करते थे। तब से दोनों एक दूसरे से मिलते रहते थे। सुनील का भाई हरियाणा पुलिस में सिपाही है और पंचकूला में पोस्टेड है। शाम को फिल्म देखकर लौटी पुलिस के अनुसार, सिमरन सोमवार शाम को अपने बेटे के साथ हिसार रोड स्थित थिएटर में ‘बॉर्डर-2’ फिल्म दिखाने के लिए गई थी। वहां से फिल्म देखकर वह बेटे को स्कूल के हॉस्टल में छोड़कर रात करीब 9 बजे अपने कमरे पर गई थी, जहां पर ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली लड़कियां रहती थीं। रात 12 बजे सिमरन के पास आया सुनील रात करीब 12 बजे सुनील उससे मिलने के लिए आया। उसी दौरान दोनों के बीच झगड़ा हो गया। मंगलवार सुबह ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली लड़कियों ने देखा तो मकान मालकिन को सूचना दी। इसके बाद मकान मालकिन ने पुलिस को सूचना दी। सुनील चुन्नी से फंदा लगाए हुए था और सिमरन बेड पर मृत पाई गई। बेटे ने मां के फोन का लॉक खोला हत्या के बाद मंगलवार रात को सिमरन का पति और मौसी सिरसा पहुंची। उन्होंने पुलिस को बताया कि सिमरन आर्केस्ट्रा में काम करती थी। उसके दूसरे युवक के साथ संबंध थे। इसी वजह से तलाक की नौबत आई। हत्या के बाद पुलिस ने सिमरन का फोन चेक किया तो उसका लॉक लगाय हुआ था। उसके बेटे ने ही फोन का लॉक खोला और पुलिस ने फोन की कॉल डिटेल खंगाली। थाना प्रभारी बोले- दोनों के बीच संबंध थे सिटी थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि युवक और महिला के घरवालों का कहना है कि दोनों के बीच संबंध थे। दोनों शादीशुदा हैं। युवक ने चुन्नी का फंदा लगा लिया, और महिला की मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम के बाद ही हो पाएगी। फिलहाल, मामले में जांच जारी है। ————— यह खबर भी पढ़ें… सिरसा में गर्लफ्रेंड का मर्डर कर किया सुसाइड: पहले युवती का गला दबाया, फिर उसी की चुन्नी का फंदा बना खुद फांसी लगाई सिरसा में एक युवती की बॉयफ्रेंड ने गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद युवक ने गर्लफ्रेंड की ही चुन्नी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। दोनों के शव युवती के रूम से बरामद हुए। युवती के गले पर उंगलियों के गहरे निशान मिले हैं। उसका शव बेड पर पड़ा हुआ था। (पूरी खबर पढ़ें)
हत्या से पहले आर्केस्ट्रा डांसर ने बॉर्डर-2 फिल्म देखी:सिरसा में बेटे के साथ गई थी; रूम आकर बॉयफ्रेंड से दूसरे युवक को लेकर झगड़ा हुआ


