चित्रकूट में शादी की रस्मों से ठीक पहले एक युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। युवती के पिता ने प्रेमी सहित तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है। वहीं, युवती ने एक वीडियो जारी कर परिजनों पर जबरन शादी कराने और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के छपरा माफी गांव की है। यहां की 25 वर्षीय दिव्या की शादी मानिकपुर के नागर गांव निवासी धनंजय से तय हुई थी। बारात 12 फरवरी को आनी थी और 10 फरवरी से शादी की रस्में शुरू होनी थीं। घटना 9 फरवरी की है। दिव्या के पिता उसे और उसकी छोटी बहन को सीतापुर कस्बे के अपूर्वा ब्यूटी पार्लर ले गए थे। दिव्या अपना मेकअप कराने के बाद बाहर निकली, जबकि उसकी बहन अंदर मेकअप करा रही थी। इसी दौरान दिव्या अपने प्रेमी आदित्य सिंह चौहान के साथ एक गाड़ी में बैठकर चली गई। पिता ने दिव्या को भागते हुए देखा और रोकने के लिए बाहर भागे, लेकिन तब तक वह जा चुकी थी। इसके बाद पिता ने कर्वी कोतवाली में प्रेमी आदित्य सिंह चौहान, शिवेंद्र और गरिमा दीक्षित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। उधर, युवती दिव्या शुक्ला ने अपने प्रेमी आदित्य सिंह चौहान के साथ गाड़ी में बैठकर एक वीडियो जारी किया। इसमें उसने स्वेच्छा से भागने की बात कही और परिजनों पर बड़े उम्र के लड़के से जबरदस्ती शादी कराने तथा प्रताड़ना का आरोप लगाया। दिव्या ने बताया कि उसने प्रयागराज में आर्य समाज के रीति-रिवाज से आदित्य सिंह चौहान से शादी कर ली है। उनकी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।


