शाजापुर की द्वारका कॉलोनी निवासी गौरव शर्मा ने बुधवार को मुरादपुर रोड पर जहर खाकर सुसाइड करने कोशिश की। गौरव की हालत बेहद गंभीर है, उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है। जहर खाने से पहले गौरव ने दो वीडियो रिकॉर्ड किए हैं, जिसमें उन्होंने अपनी इस स्थिति के लिए अपने ससुर और साले को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। वीडियो में कहा- ससुर और साले ने की राजनीति बुधवार दोपहर को जहर खाने से पहले गौरव शर्मा ने एक वीडियो जारी कर प्रशासन और मुख्यमंत्री से इंसाफ की गुहार लगाई। गौरव ने वीडियो में कहा- मैं आज अपना जीवन समाप्त करने जा रहा हूं। मेरी इस स्थिति के लिए सिर्फ मेरे ससुर जिम्मेदार हैं, जिन्होंने मेरा घर-परिवार बर्बाद कर दिया। मेरे साले कपिल व्यास ने भी कभी नहीं चाहा कि किसी का घर बसे। पति-पत्नी के आपसी झगड़े में ससुर ने इतनी ‘राजनीति’ की कि मेरा जीवन बर्बाद हो गया। प्रशासन से अनुरोध है कि मेरे ससुर और साले को सजा-ए-मौत दी जाए। ससुराल पक्ष से चल रहा था विवाद पुलिस के अनुसार, बताया कि घटना के पीछे ससुराल पक्ष से चल रहा पुराना विवाद है। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने बताया कि गौरव और उनके ससुराल पक्ष के बीच पहले से ही तनातनी चल रही थी। युवक की पत्नी ने उसपर पहले मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी, वहीं गौरव शर्मा ने भी अपने ससुर और साले के खिलाफ थाने में आवेदन दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के विवाद की फाइल पहले से खुली हुई थी। मुरादपुर-भरण रोड पर खाया जहर इसके बाद बुधवार दोपहर करीब गौरव बाइक से मुरादपुर-भरण रोड पर गया और जहर खा लिया। इसके बाद अचानक युवक की तबीयत खराब हुई और वह सड़क पर ही बेहोश हो गया। इस दौरान मौके से गुजर रहे लोगों ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। इंदौर रेफर, जांच कर रही पुलिस इसके बाद निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया, वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद पुलिस को गौरव शर्मा के दोनों वीडियो मिल चुके हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है।


