हाथरस के चिंतापुर गांव में आज दोपहर खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस घटना में गुड्डी देवी, लालता प्रसाद, रिषी, राजकुमार, विनीता, राखी, डोरीलाल और कुशल सहित 10 लोग घायल हो गए। यह घटना हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के चिंतापुर गांव में हुई। बताया जा रहा है कि खेत में काम करते समय अचानक एक पेड़ से मधुमक्खियों का छत्ता टूटकर नीचे गिर गया। छत्ता गिरने के बाद मधुमक्खियों ने वहां मौजूद ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मधुमक्खियों के हमले से न केवल ग्रामीण बल्कि वहां मौजूद कुछ पशु भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सरकारी एंबुलेंस की मदद से कुछ घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कुछ लोग स्वयं अस्पताल पहुंचे। सभी घायल व्यक्तियों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी डर बना हुआ है कि मधुमक्खियां दोबारा हमला न कर दें।


