Beawar Double Murder News: ब्यावर जिले के साकेतनगर थाना क्षेत्र के सेंदड़ा रोड स्थित सोहन नगर में रविवार शाम एक दुखद घटना सामने आई। घर में अकेले रहे रिटायर्ड दंपती की सरियों से वार कर निर्मम हत्या कर दी गई। घर में चल रही पानी की मोटर और बहते पानी ने हत्या का राज खोल दिया। दंपती की हत्या की खबर फैलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की है।
पड़ोसियों की सतर्कता से खुला राज
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 8 बजे क्षेत्र में पानी की सप्लाई के दौरान उनके घर की मोटर लगातार चल रही थी और पानी बहता रहा। काफी देर तक पानी बंद न होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद पड़ोसियों ने दंपती के रिश्तेदार को सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर रिश्तेदार ने घर का दरवाजा खोला और अंदर विनोद कुमार शर्मा और पूर्णिमा शर्मा मृत अवस्था में पाए। पास ही लोहे का सरिया पड़ा था। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि दंपती की हत्या सरियों से पीट-पीटकर की गई। दंपती की हत्या से कॉलोनी में दहशत का माहौल हो गया और लोग घटना को लेकर चर्चा करते नजर आए। मृतक दंपती का पुत्र बाहर रहता है जिसे पुलिस ने सूचना देकर बुलाया है।
पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा और पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना सहित साकेतनगर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
दंपती की हत्या की खबर फैलते ही मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन पुलिस ने किसी को भी घटनास्थल पर जाने की अनुमति नहीं दी। पुलिस कॉलोनी और आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में लगी हुई है। पड़ोसियों और रिश्तेदारों की सतर्कता के कारण ही यह मामला सामने आया।


