बरेली के इस कार शोरूम पर बीडीए ने लगाई सील, कर्मचारियों में खलबली, जानें क्यों हुई ये कार्रवाई

बरेली के इस कार शोरूम पर बीडीए ने लगाई सील, कर्मचारियों में खलबली, जानें क्यों हुई ये कार्रवाई

बरेली। रामपुर रोड पर नियमों को ठेंगा दिखाकर खड़ा किया गया हुंडई शोरूम आखिरकार बीडीए की कार्रवाई की चपेट में आ गया। मंगलवार को बरेली विकास प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने थाना सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम नदौसी रोड नंबर दो पर बने इस विशाल शोरूम को सील कर दिया। अचानक हुई कार्रवाई से इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के व्यापारियों में खलबली मच गई।

बीडीए उपाध्यक्ष डॉ ए मनिकंडन ने बताया कि अल्पित अग्रवाल द्वारा करीब पंद्रह सौ बीस वर्गमीटर क्षेत्र में भूतल और प्रथम तल पर बड़े-बड़े हॉल बनाकर हुंडई शोरूम तैयार कर लिया गया था। हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े व्यावसायिक निर्माण के लिए विकास प्राधिकरण से नक्शा तक पास नहीं कराया गया। शिकायत मिलने पर बीडीए ने जांच की और फिर मौके पर पहुंचकर ताले जड़ दिए।

कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दस्ते के साथ अभियंता और पुलिस बल भी मौजूद रहा। टीम ने पूरे परिसर को सील करते हुए साफ संदेश दे दिया कि चाहे नामी कंपनी का शोरूम ही क्यों न हो, बिना अनुमति निर्माण करने वालों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।

बीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा। नियमों की अनदेखी कर बनाए गए शोरूम, कॉम्प्लेक्स और भवनों पर इसी तरह सीधी कार्रवाई होगी। उधर, बीडीए ने आम लोगों को भी चेताया है कि मकान, दुकान या जमीन खरीदने से पहले कागजात जरूर देख लें। बाद में सील लगने पर पछताने से बेहतर है कि पहले ही सतर्कता बरती जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *