ODI World Cup 2027: BCCI ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी कमर कस ली है! सेलेक्टर्स ने 20 संभावित खिलाड़ियों की एक गोपनीय लिस्ट तैयार की है, जिनकी प्रोग्रेस पर IPL 2026 के दौरान कड़ी नजर रखी जाएगी। आखिर कौन हैं वो खिलाड़ी जिन पर बोर्ड खेलने जा रहा है सबसे बड़ा दांव? जानिए गेंदबाजी से लेकर टेस्ट क्रिकेट तक का पूरा प्लान।
BCCI, ODI World Cup 2027: भारतीय टीम के सेलेक्टर्स ने 2027 के वनडे वर्ल्ड कप के लिए करीब 20 संभावित (probables) खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर लिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, आईपीएल 2026 के दौरान इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रोग्रेस पर पैनी नजर रखी जाएगी। हालांकि वर्ल्ड कप में अभी समय है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि सेलेक्टर्स के पास एक शुरुआती लिस्ट तैयार है।
इस बार आईपीएल की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के मैच से हो रही है, और सेलेक्शन कमेटी के मेंबर्स एसएस दास, आरपी सिंह, अजय रात्रा और प्रज्ञान ओझा स्टेडियम में मौजूद रहकर खिलाड़ियों को परखेंगे।
सेलेक्टर्स का क्या है प्लान?
BCCI चाहता है कि हर सेलेक्टर हफ्ते में कम से कम एक मैच मैदान पर जाकर देखे। इस तरह पांच सेलेक्टर्स मिलकर हफ्ते के 5 मैचों को वेन्यू से कवर करेंगे। बाकी मैचों पर वे टीवी के जरिए नजर रखेंगे। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि फिलहाल सेलेक्टर्स का पूरा फोकस सिर्फ 2027 वर्ल्ड कप पर है; वे अभी लॉस एंजिल्स ओलंपिक या 2028 के टी20 वर्ल्ड कप के बारे में नहीं सोच रहे हैं। साथ ही, वे किसी नए ‘ब्रेकआउट स्टार’ की तलाश के बजाय अपने तय खिलाड़ियों पर ही भरोसा जताएंगे।
इन गेंदबाजों पर रहेगी नजर
तेज गेंदबाजी की बात करें तो जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह के साथ-साथ ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को ट्रैक किया जाएगा। हर्षित राणा फिलहाल घुटने की चोट से उबर रहे हैं, इसलिए उन्हें वापसी में थोड़ा समय लगेगा।
सीनियर खिलाड़ियों की मौजूदगी
6 से 10 जून तक मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एक इकलौता टेस्ट मैच खेला जाना है। भले ही इसमें वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के पॉइंट्स नहीं मिल रहे, लेकिन सेलेक्टर्स टीम की मजबूती से कोई समझौता नहीं करेंगे। अगस्त से मार्च के बीच भारत को 9 टेस्ट खेलने हैं, इसलिए अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में सभी मुख्य रेड-बॉल खिलाड़ी उपलब्ध रहेंगे। अगर आईपीएल के दौरान कोई इंजरी नहीं होती है, तो बुमराह और सिराज भी इस टेस्ट स्क्वाड का हिस्सा होंगे।
इंडियन टीम कोई एक्सपेरिमेंट नहीं…
BCCI के सूत्र ने साफ कहा है कि ‘इंडिया टेस्ट कैप कोई एक्सपेरिमेंट (प्रयोग) करने की चीज नहीं है।’ अगर किसी खिलाड़ी को आजमाना है तो उसके लिए ‘इंडिया-ए’ के दौरे हैं। टेस्ट क्रिकेट में अभी भी बुमराह, सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ही सेलेक्टर्स की पहली पसंद बने हुए हैं।
Sports – Patrika | CMS


