बस्ती। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने रविवार को बस्ती सदर स्थित शिवहर्ष किसान इंटर कॉलेज और विकास प्राधिकरण परिसर के मतदेय स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मतदेय स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य, बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति तथा प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची के आधार पर चल रहे संशोधन कार्य की गति के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण में पाया गया कि सभी बीएलओ के पास फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध थे। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सूची से वंचित न रहे। उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों को घर-घर सत्यापन अभियान पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न करने तथा मतदाताओं को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने को कहा।


