बरघाट पुलिस ने दो डीजे वाहन जब्त:ध्वनि प्रदूषण फैलाने और बिना अनुमति बजाने पर कार्रवाई

बरघाट पुलिस ने दो डीजे वाहन जब्त:ध्वनि प्रदूषण फैलाने और बिना अनुमति बजाने पर कार्रवाई

सिवनी जिले की बरघाट पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण फैलाने और बिना अनुमति तेज आवाज में डीजे बजाने के आरोप में दो डीजे वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर की गई है। वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए, पुलिस प्रशासन छात्रों की पढ़ाई में होने वाले व्यवधानों को लेकर गंभीर है। अवैध रूप से तेज आवाज में डीजे बजाकर विद्यार्थियों की पढ़ाई में बाधा डालने और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने दोपहर 2 बजे बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और बरघाट अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) ललित गठरे के मार्गदर्शन में बरघाट पुलिस देर रात तक बिना अनुमति और निर्धारित समय सीमा के बाद तेज आवाज में डीजे बजाने वालों पर निगरानी रख रही थी। इसी क्रम में, बरघाट पुलिस बल ने खूंट गांव में दबिश देकर दो डीजे वाहनों को जब्त किया। ये वाहन बिना अनुमति के देर रात तक शोर मचा रहे थे। पुलिस ने कोलाहल अधिनियम की धारा 7/15 के तहत मामला दर्ज किया है। जब्त वाहनों में आईसर ट्रक (एमपी 07 जीए 7632) और उसका साउंड सिस्टम व जनरेटर शामिल है। इसके मालिक अरविंद चक्रवर्ती (25), निवासी सिंगोड़ी गोपालगंज पर प्रकरण दर्ज किया गया है। दूसरा जब्त वाहन बोलेरो पिकअप (एमपी 22 जी 0323) है, जिसके साथ साउंड सिस्टम और मशीनरी भी जब्त की गई। इसके मालिक अमित दांदरे (24), निवासी बम्हनी गोपालगंज पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई में बरघाट नगर निरीक्षक मोहनीश सिंह बैस के नेतृत्व में एएसआई रामावतार डेहरिया, आरक्षक संजू उइके, उरलेश कटरे, विनोद भगत और चालक चंद्रदीप हिवारे शामिल थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *