बार कौंसिल चुनाव संपन्न, 1930 वोट पड़े:दो दिनों में 88.29 प्रतिशत मतदान, दूसरे दिन भी दिखा उत्साह

बार कौंसिल चुनाव संपन्न, 1930 वोट पड़े:दो दिनों में 88.29 प्रतिशत मतदान, दूसरे दिन भी दिखा उत्साह

हरदोई में बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सदस्य पद के लिए दो दिवसीय मतदान प्रक्रिया बुधवार शाम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। जिले के 2186 अधिवक्ता मतदाताओं में से कुल 1930 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो 88.29 प्रतिशत रहा। चुनाव प्रभारी एवं न्यायाधीश मनमोहन सिंह द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पहले दिन (मंगलवार) 848 वोट पड़े थे। दूसरे दिन (बुधवार) मतदान में भारी उत्साह देखा गया और 1082 वोट डाले गए। मतदान के दूसरे दिन कचहरी परिसर में सुबह से शाम तक गहमागहमी बनी रही। प्रत्याशियों के समर्थक अपने कैंपों में मतदाताओं को आकर्षित करने और उनके क्रमांक ढूंढने में व्यस्त दिखे। स्थानीय और मंडल स्तर के प्रत्याशियों के लिए अधिवक्ताओं में खासा रुझान देखने को मिला। न्याय भवन में बनाए गए 10 बूथों पर शाम 5 बजे मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों की देखरेख में मतपेटियों को सुरक्षित रूप से सील कर दिया गया। इस दौरान पुलिस बल मुस्तैद रहा और बिना परिचय पत्र के किसी को भी मतदान केंद्र के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई। वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने इस चुनाव को अधिवक्ताओं के मान-सम्मान और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है। अब सभी की नजरें मतगणना और आने वाले परिणामों पर टिकी हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *