बांसवाड़ा। आंबापुरा थाना क्षेत्र के वीरपुर में शनिवार शाम करीब 4 बजे दो बाइक के आमने-सामने टकराने से दो लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दूल्हे के पिता बेटे की शादी संपन्न करवाकर लौट रहे थे। उनके साथ बेटी के पति थे। सड़क हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
आंबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत ने बताया कि मध्यप्रदेश के कबलखोरा, बाजना रोड निवासी मडिया (50) पुत्र होमला डिंडोर अपने बेटे पंकज की शादी नवाखेड़ा गांव में करवाकर अपने दामाद रावदा पाटन निवासी हकरु पुत्र जोहरेंग के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान वीरपुर मंदिर के पास इनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मड़िया का सिर फट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिजनों में शोक की लहर
गंभीर रूप से घायल हकरू को लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से एमजी अस्पताल के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में इनकी भी मौत हो गई। सामने से आ रहा बाइक सवार श्यामजी पुत्र हीरा चरपोटा निवासी कापड़िया भी गंभीर घायल हुआ है, जिसका इलाज महात्मा गांधी अस्पताल में जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर से परिजनों में शोक की लहर है।


