तारिक रहमान (Tarique Rahman), बांग्लादेश (Bangladesh) के नए पीएम बन गए हैं। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष 60 वर्षीय रहमान ने हाल ही में देश में हुए चुनाव में जीत हासिल की और बांग्लादेश के 11वें पीएम बने। मंगलवार को उन्होंने पीएम पद की शपथ ली। पीएम बनने के बाद रहमान ने साफ कर दिया कि उनकी सरकार का सबसे बड़ा फोकस बांग्लादेश में कानून व्यवस्था सुधारने और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करने पर रहेगा। बुधवार को उन्होंने देश के नाम पहला संबोधन दिया।
हिंदुओं के लिए कही बड़ी बात…
देश के नाम अपने पहले संबोधन में रहमान ने हिंदुओं समेत बांग्लादेश के सभी अल्पसंख्यकों के लिए एक बड़ी बात कही। रहमान ने कहा कि बांग्लादेश सरकार पर देश में रहने वाले हर नागरिक का हक है, चाहे वह किसी भी धर्म का हो और उसने किसी के लिए भी वोट किया हो। रहमान ने कहा कि कोई व्यक्ति मुस्लिम हो या हिंदू हो, बौद्ध हो या ईसाई को, किसी भी विचारधारा का हो और कहीं भी रहता हो, बांग्लादेश में हर धर्म के व्यक्ति के लिए सुरक्षित माहौल बनाया जाएगा।
पीएम मोदी ने भारत आने के लिए किया आमंत्रित
भारत (India) के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने रहमान के पीएम पद की शपथ लेने के बाद उन्हें बधाई दी। साथ ही परिवार समेत भारत आने का आमंत्रण भी दिया। मुहम्मद यूनुस के कार्यकाल में भारत और बांग्लादेश के संबंध काफी बिगड़ गए थे। अब रहमान के पीएम बनने के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि दोनों देशों के बीच संबंधों में सुधार होगा। पीएम मोदी का रहमान को जीत की बधाई देना और भारत आने का आमंत्रण देना इस बात की ओर इशारा करता है कि भारत, बांग्लादेश से संबंधों को फिर से मज़बूत करने के लिए तैयार है।


