बांग्लादेश-यूनुस के खिलाफ जांच आयोग बैठा सकती है रहमान सरकार:18 मंत्रियों की संपत्ति में इजाफा; यूनुस की प्रॉपर्टी ₹12 करोड़ हुई, पेरिस जाने की तैयारी में

बांग्लादेश-यूनुस के खिलाफ जांच आयोग बैठा सकती है रहमान सरकार:18 मंत्रियों की संपत्ति में इजाफा; यूनुस की प्रॉपर्टी ₹12 करोड़ हुई, पेरिस जाने की तैयारी में

बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद गठित मोहम्मद यूनुस सरकार के मंत्रियों की संपत्ति में उछाल आया है। सरकार के मुखिया यूनुस की संपत्ति में एक साल में लगभग 11 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यूनुस की संपत्ति अब कुल साढ़े 12 करोड़ रुपए हो गई है, इसमें लगभग 1 करोड़ 30 लाख रुपए का उछाल आया है। अंतरिम सरकार के टॉप 4 मंत्रियों में सबसे ज्यादा संपत्ति की वृद्धि यूनुस की हुई है। दूसरे नंबर पर आवास मंत्री अदिलुर रहमान की संपत्ति में 1 करोड़ 23 लाख रुपए की वृद्धि हुई। यूनुस के 21 में से 18 मंत्रियों की संपत्ति बढ़ी है। सूत्रों के अनुसार नए पीएम रहमान अंतरिम सरकार के मंत्रियों की संपत्ति में इजाफे की जांच के लिए कमेटी गठित कर सकते हैं। इस सब के बीच यूनुस अब फिर से पेरिस में बसने की तैयारी में हैं। बता दें कि यूनुस बांग्लादेश के एकमात्र नोबेल अवॉर्ड विजेता हैं। बांग्लादेश में माइ्क्रो फाइनेंस के क्षेत्र में बड़ा नाम यूनुस का शेख हसीना सरकार के दौरान भ्रष्टाचार के मामले दर्ज हुए थे। लेकिन यूनुस ने अपनी सरकार बनने पर केस वापस कर लिए थे। IT मंत्री फैज नीदरलैंड्स लौटे तारिक रहमान की जीत के साथ ही यूनुस सरकार में आईटी मंत्री रहे फैज अहमद तैयब नीदरलैंड्स लौट गए हैं। फैज के कार्यकाल के दौरान IT सेक्टर में उनके द्वारा विदेशी कंपनियों के पक्ष में दिए गए कुछ फैसलों को लेकर आपत्तियां भी आई थीं। उन पर अनावश्यक हाई-कैपेसिटी इक्विपमेंट खरीद के लिए कुछ कंपनियों को टेंडर जारी करने के भी आरोप हैं। यूनुस सरकार में पर्यावरण मंत्री सैयदा रिजवाना का कहना है कि फैज अपने परिवार के साथ नीदरलैंड्स में ही रहते हैं, वे यूनुस सरकार में शामिल होने के लिए बांग्लादेश लौटे थे। जमात प्रमुख शफीकुर से मिले तारिक रहमान बांग्लादेश के नवनिर्वाचित पीएम रहमान ने रविवार देर शाम जमात के अमीर (प्रमुख) शफीकुर रहमान के साथ मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार रहमान ने संसद के सुचारु संचालन के लिए जमात के साथ समझौते पर सहमति भी बनाई है। बता दें कि जमात ने 32 सीटों में धांधली का आरोप लगाया है। दूसरी ओर सूत्रों के अनुसार ढाका में चीन और पाकिस्तान के दूतावासों में बैठकों के दौर तेज हो गए हैं। पाकिस्तान से लगभग 6 वरिष्ठ आर्मी अफसर पिछले एक पखवाड़े से दूतावास में डेरा जमाए हुए हैं। जमात की हार के बाद पाकिस्तान रहमान सरकार के साथ संबंधों के लिए ग्राउंड वर्क में जुटा है। पूर्व में पाक कट्‌टरपंथी जमात का समर्थक रहा है। BNP के नवनिर्वाचित सांसद गायेश्वर चंद्र रॉय खालिदा जिया की कैबिनेट में मंत्री रह चुके हैं। उनका इंटरव्यू पढ़िए… 1. क्या शेख मुजीब की विरासत बनाए रखेंगे? शेख मुजीब उर रहमान बांग्लादेश के राष्ट्रपिता हैं। हमारे देश के गठन में उनकी बड़ी भूमिका रही है। BNP का मानना है कि मुजीब के दौर में कुछ गलतियां भी हुईं, जिसके लिए मुजीब की भूमिका की जांच होने में कोई बुराई नहीं है। अब शेख हसीना और अवामी लीग की जिम्मेदारी है कि वह शेख मुजीब की विरासत को बचाए रखने के लिए रहमान सरकार के साथ सहयोग करें। 2. अवामी लीग पर प्रतिबंध पर क्या रुख रहेगा? BNP और अवामी लीग प्रतिस्पर्धी पार्टियां रही हैं। लेकिन BNP प्रतिबंधों की राजनीति के खिलाफ रही है। यूनुस सरकार ने जब अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाया तो BNP ने इसका विरोध किया था। चुनावों में अवामी लीग को होना चाहिए था, अब हसीना को बांग्लादेश लौट जाना चाहिए। हमारी नेता खालिदा जिया पर केस हुए, पर उन्होंने देश नहीं छोड़ा। 3. भारत के साथ रिश्ते कैसे बेहतर होंगे? हम भारत के साथ बराबरी के संबंध चाहते हैं। यही हमारी और अवामी लीग की सोच में फर्क है। अवामी लीग भारत का पिछलग्गू बनकर रहना चाहती है जबकि BNP ऐसा नहीं करेगी। दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध हैं। बरसों से हम सहअस्तित्व के पक्षधर हैं। भारत को भी बांग्लादेश के साथ संबंधों के लिए पहल करनी चाहिए। इसकी शुरुआत शेख हसीना की वापसी से हो सकती है। बांग्लादेश के नए पीएम तारिक रहमान बेहतर संबंधों के पक्षधर हैं। 4. बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा कैसे होगी ? बांग्लादेश संभी धर्मों के लोगों के लिए बना है। मैं खुद हिंदू हूं, लेकिन पहले मैं बांग्लादेशी हूं। ऐसा ही हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों को भी सोचना चाहिए। लेकिन मुझे खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि भारत सरकार ने मेरा वीसा कभी क्लीयर नहीं किया। जबकि मैंने कई बार भारत जाने के लिए वीसा एप्लीकेशन लगाई थी। पिछले सरकार के दौरान हिंसा की घटनाएं हुईं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। कल पीएम पद की शपथ लेंगे तारिक रहमान बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान कल यानी 17 फरवरी को देश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं को इस समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है। भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक इस समारोह में भारत की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिस्री भी रहेंगे। PM मोदी 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं, इसलिए वे ढाका नहीं जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह परंपरा से अलग इस बार राष्ट्रपति भवन की जगह ढाका के नेशनल पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स के साउथ प्लाजा में होगा। रहमान बोले- बांग्लादेश का हित सबसे ऊपर बांग्लादेश आम चुनाव में जीत के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) अध्यक्ष तारिक रहमान ने शनिवार को पहली बार मीडिया से बात की। उन्होंने भारत-बांग्लादेश रिश्तों से जुड़े सवाल पर कहा कि हम बांग्लादेश के हितों को सबसे ऊपर रखेंगे। रहमान ने यह भी कहा कि चीन बांग्लादेश का विकास में सहयोगी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में बांग्लादेश और चीन मिलकर काम करते रहेंगे। उनका कहना था कि दूसरे देशों की तरह चीन भी बांग्लादेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब उनसे पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को भारत से वापस लाने के बारे में पूछा गया, तो रहमान ने कहा कि यह पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया पर निर्भर करेगा। पूर्व राष्ट्रपति और पूर्व प्रधानमंत्री के बेटे हैं तारिक रहमान तारिक रहमान पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे हैं। उन्होंने 1988 में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) जॉइन की। 2001 के चुनाव में संगठनात्मक काम से उन्हें पहचान मिली, लेकिन 2006 के बाद उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे और 2007 में उन्हें गिरफ्तार किया गया। 2008 में इलाज के लिए वे लंदन चले गए और करीब 17 साल तक देश से बाहर रहे। इस दौरान वे पार्टी के सीनियर उपाध्यक्ष और बाद में कार्यकारी अध्यक्ष बने। उन पर कई मामले दर्ज हुए, लेकिन बाद में अदालतों ने उन्हें बरी कर दिया। पिछले साल वे बांग्लादेश लौटे और मां के निधन के बाद पार्टी की कमान संभाली। हालिया चुनाव में BNP की जीत के बाद तारिक रहमान अब देश के प्रधानमंत्री पद के प्रमुख दावेदार बन गए हैं। —————————- ये खबर भी पढ़ें… बांग्लादेश- 17 को रहमान का शपथ समारोह, मोदी को न्योता: इसी दिन PM की फ्रांसीसी राष्ट्रपति से मुलाकात, स्पीकर ओम बिरला ढाका जाएंगे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के चेयरमैन तारिक रहमान 17 फरवरी को देश के नए प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं को इस समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है। पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *