T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए बांग्लादेश ने खिलाड़ियों को खुश करने के लिए किया नए टूर्नामेंट का ऐलान

T20 वर्ल्ड कप से बाहर हुए बांग्लादेश ने खिलाड़ियों को खुश करने के लिए किया नए टूर्नामेंट का ऐलान

Bangladesh announce new tournament: बांग्‍लादेश टीम को आईसीसी टी20 वर्ल्‍ड कप 2026 से बाहर किए जाने के बाद बांग्‍लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने निराश खिलाड़ियों को खुश करने के लिए नया प्‍लान बनाया है। जब भारत और श्रीलंका की मेजबानी में मेगा इवेंट खेला जा रहा होगा, उस दौरान बांग्‍लादेश में तीन टीमों के बीच एक घरेलू टी20 टूर्नामेंट खेला जाएगा। बीसीबी ने घोषणा की है कि ये टूर्नामेंट पांच फरवरी से खेला जाएगा। इसका मकसद अपने खिलाड़ियों को मैच के लिए तैयार और खुश रखना है।

खिलाड़ियों को भुगतना पड़ा राजनीतिक ड्रामे का खामियाजा

सुरक्षा को लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भारत जाने से इनकार करने के बाद बांग्लादेश को वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया। आखिरकार स्कॉटलैंड को उनकी जगह टूर्नामेंट में शामिल किया गया। बांग्‍लादेश के खिलाड़ियों को राजनीतिक ड्रामे का खामियाजा भुगतना पड़ा। टूर्नामेंट से कुछ ही हफ्ते पहले टीम के बाहर होने से खिलाड़ी निराश थे और उनके पास कोई बड़ा असाइनमेंट भी नहीं था।

9 फरवरी को खेला जाएगा फाइनल मुकाबला

बीसीबी के नए टी20 टूर्नामेंट में तीन टीमें शिरकत करेंगी, जिनकी कप्तानी बांग्लादेश के कुछ सबसे जाने-पहचाने चेहरे करेंगे। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, लिटन दास धुमकेतु XI की कप्तानी करेंगे, नजमुल हुसैन शांतो दरबार XI की कप्तानी करेंगे, जबकि अकबर अली दुरंतो XI की कमान संभालेंगे। ग्रुप-स्टेज के मैच 5 से 7 फरवरी के बीच खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 9 फरवरी को खेला जाएगा।

बीसीबी टूर्नामेंट में खर्चेगा 2.5 करोड़ टका

बोर्ड ने प्राइज मनी और बतौर मैच फीस कुल 2.5 करोड़ टका (1.86 करोड़ रुपये) के भुगतान की पुष्टि की है। वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने से वंचित होने के बाद बीसीबी को बड़े नुकसान की आशंका के बावजूद यह बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए कुछ अच्छी खबर है। अधिकारियों ने वैरायटी लाने के लिए इम्पैक्ट प्लेयर नियम भी पेश किया है। जबकि शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में 1 फरवरी से एक फिटनेस कैंप शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *