गवर्नमेंट बांगड़ जिला अस्पताल को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) के तहत ‘क्वालिटी सर्टिफाइड’ घोषित किया गया है। नेशनल हेल्थ सिस्टम्स रिसोर्स सेंटर (NHSRC) द्वारा जारी पत्र के अनुसार अस्पताल ने 92.84% का उत्कृष्ट स्कोर प्राप्त किया है। अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजीत सिंह शेखावत ने इस उपलब्धि को समस्त स्टाफ की सामूहिक मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि टीम ने सभी मानकों को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत की। अस्पताल के क्वालिटी नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश नेतड़ के नेतृत्व में नागौर रोड स्थित मुख्य द्वार पर इस उपलब्धि का जश्न मनाया गया। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. संजय शर्मा और क्वालिटी कंट्रोल नोडल अधिकारी संदीप मारोठिया ने पूरी टीम को बधाई दी। पीएमओ शेखावत ने जानकारी दी कि 9 से 11 फरवरी 2026 तक एक केंद्रीय टीम द्वारा अस्पताल का विस्तृत बाह्य मूल्यांकन किया गया था। इस टीम में डॉ. उमेश गुप्ता, डॉ. प्रशांत जाधव और डॉ. श्रीनिवास पणिक्कर शामिल थे। उन्होंने इमरजेंसी, फार्मेसी, ओपीडी, ब्लड बैंक, आईसीयू, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, आईपीडी और लैब सहित कुल 20 विभागों का गहन निरीक्षण किया। मूल्यांकन के दौरान अस्पताल ने ब्लड बैंक, फार्मेसी, इमरजेंसी, शिशु वार्ड, डायलिसिस और ओपीडी सेवाओं में अच्छा प्रदर्शन किया। मरीजों के फीडबैक में 84% संतुष्टि स्तर दर्ज किया गया। अस्पताल प्रशासन ने कहा है कि इस प्रमाणन के बाद गुणवत्ता बनाए रखने की जिम्मेदारी बढ़ गई है। NHSRC के सलाहकार डॉ. आर.के. पठानी ने भी बधाई देते हुए सुधार के चिन्हित क्षेत्रों पर निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगामी निगरानी ऑडिट में भी मानक बरकरार रह सकें। यह उपलब्धि न केवल डीडवाना-कुचामन बल्कि पूरे राजस्थान के लिए गर्व का विषय है। इससे यह सिद्ध होता है कि सरकारी अस्पताल भी निजी संस्थानों के समकक्ष या उनसे बेहतर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। इस अवसर पर डॉ. महेन्द्र सिंह गढ़वाल, डॉ. सी.पी. नागौरा सहित अनेक चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।


