Salman Ali Agha Run Out: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच ढाका में खेले गए दूसरे वनडे मैच में पाकिस्तान ने जीत तो दर्ज कर ली, लेकिन मैच का नतीजा कम और सलमान अली आगा का रन-आउट ज्यादा चर्चा में है। जिस तरह से आगा को आउट किया गया, उसे लेकर क्रिकेट जगत दो हिस्सों में बंट गया है। कई दिग्गज इसे खेल भावना (Sportsman Spirit) के खिलाफ बता रहे हैं। खुद सलमान आगा ने भी इस पर अपनी गहरी नाराजगी जाहिर की है।
मैदान पर हुआ था बवाल
यह वाकया पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर में हुआ। बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज गेंदबाजी कर रहे थे। मोहम्मद रिजवान ने एक सीधा शॉट खेला। गेंद पकड़ने की कोशिश में मिराज की टक्कर नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े सलमान आगा से हो गई। गेंद रुक चुकी थी, इसलिए आगा ने रन लेने का विचार छोड़ दिया और ईमानदारी दिखाते हुए गेंद उठाकर मिराज को देने लगे। लेकिन मिराज ने गेंद लेते ही फुर्ती से विकेट पर मार दी। चूंकि आगा क्रीज से बाहर थे, इसलिए अपील हुई और थर्ड अंपायर ने उन्हें नियमों के तहत आउट दे दिया। इसी बात पर बवाल मच गया कि जब खिलाड़ी खुद गेंद उठाकर दे रहा है, तो उसे आउट करना कितना सही है?
बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन की सफाई
मैच के बाद जब विवाद बढ़ा, तो कप्तान मेहदी हसन मिराज ने अपनी सफाई में कहा कि उनका इरादा सिर्फ गेंद को रोकना और रन बचाना था। आगा क्रीज से बाहर थे और वो सिर्फ गेंद की तरफ लपके। उन्हें लगा कि अगर वो गेंद मिस कर देता, तो आगा आसानी से रन ले लेते, इसलिए उन्होंने स्टंप्स पर थ्रो कर दिया। मिराज के मुताबिक उन्होंने जो किया वो खेल के नियमों के अंदर था।
पाकिस्तान खेमे में गुस्सा
इस फैसले से पाकिस्तान के खिलाड़ी काफी गुस्से में नजर आए। आउट होने के बाद सलमान आगा इतने नाराज थे कि उन्होंने गुस्से में अपने ग्लव्स और हेलमेट फेंक दिए और बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरी-खोटी भी सुनाई। कमेंट्री कर रहे रमीज राजा ने भी कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि क्रिकेट में नियमों से ज्यादा खेल भावना मायने रखती है और यहां उसका अपमान हुआ है।
मैच का लेखा-जोखा
विवादों के बीच मैच की बात करें तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए माज सदाकत (75), सलमान आगा (64) और रिजवान (44) की पारियों की बदौलत 274 रन बनाए थे। बारिश के कारण बांग्लादेश को 32 ओवर में 243 रनों का लक्ष्य मिला, लेकिन उनकी पूरी टीम महज 114 रन पर ढेर हो गई। पाकिस्तान ने यह मैच 128 रनों से जीतकर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।


