सहारनपुर में वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पहले राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। नगरायुक्त शिपू गिरि ने 31 मार्च तक निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश पर रोक लगा दी है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि रविवार और माह के दूसरे शनिवार को भी निगम के अधिकांश विभाग खुले रहेंगे। नगरायुक्त के आदेशानुसार, पुनरीक्षित बजट में आय-व्यय से संबंधित प्रावधानित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति संतोषजनक न होने के कारण ये निर्णय लिया गया है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति तक राजस्व बढ़ाने और बकाया वसूली में तेजी लाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। आदेश के अनुसार, 31 मार्च तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को आकस्मिक अथवा उपार्जित अवकाश संबंधित विभागाध्यक्ष द्वारा स्वीकृत नहीं किया जाएगा। केवल विशेष आकस्मिक परिस्थितियों में ही अवकाश की अनुमति नगरायुक्त स्तर से दी जाएगी। साप्ताहिक अवकाश, माह का द्वितीय शनिवार और रविवार को भी अन्य कार्य दिवसों की तरह गृहकर, जलकर, संपत्ति, लेखा, निर्माण और जलकल सहित सभी अनुभाग आवश्यकतानुसार खुले रहेंगे। विशेष रूप से गृहकर-जलकर अनुभाग तथा राजस्व वसूली से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी प्रकार का अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। नगरायुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थिति करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उद्देश्य वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पूर्व राजस्व संग्रह में लक्ष्य प्राप्ति करना है।


