पलवल में रात 10 बजे के बाद डीजे पर पाबंदी:डीसी ने कार्रवाई के लिए टीम बनाई; उल्लंघन करने वालों पर लगेगा जुर्माना

पलवल में रात 10 बजे के बाद डीजे पर पाबंदी:डीसी ने कार्रवाई के लिए टीम बनाई; उल्लंघन करने वालों पर लगेगा जुर्माना

पलवल के डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने रात 10 बजे के बाद डीजे या तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में अब कठोर कदम उठाए जाएंगे ताकि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। डीसी डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि उच्चतम न्यायालय और प्रशासनिक नियमों के अनुसार, रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी भी प्रकार के डीजे या तेज आवाज वाले यंत्रों का उपयोग प्रतिबंधित है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर डीजे उपकरण भी जब्त किए जा सकते हैं। आयोजकों और डीजे संचालकों से अपील डीसी ने त्योहारों, शादियों और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजकों तथा डीजे संचालकों से निर्धारित समय सीमा का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण से बुजुर्गों, बच्चों, विद्यार्थियों और मरीजों को परेशानी होती है, इसलिए यह कदम जनहित में उठाया गया है। पुलिस और प्रशासन को निगरानी के निर्देश डॉ. वशिष्ठ ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस विभाग की टीम को नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी निर्धारित समय के बाद डीजे बजाया जाता है, तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। ध्वनि प्रदूषण को बताया गंभीर समस्या डीसी ने ध्वनि प्रदूषण को एक गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि न्यायालय और सरकार द्वारा शोर की सीमा तय की गई है, जिसमें दिन के समय सामान्यतः 55 डेसिबल निर्धारित है। अत्यधिक शोर से अनिद्रा, तनाव, उच्च रक्तचाप और सुनने की क्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। नागरिकों से सहयोग की अपील डॉ. वशिष्ठ ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि सभी मिलकर प्रयास करें, तो एक शांत, स्वस्थ और संतुलित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है, जिससे समाज के हर वर्ग को लाभ होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *