Balrampur Accident: बलरामपुर में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मां पाटेश्वरी देवी के दर्शन के लिए निकले दो दोस्तों की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गांव पर सूचना पहुंचते ही पूरे गांव में मातम पसर गया।
Balrampur Accident: बलरामपुर-गोंडा हाईवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जो दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के चिश्तीपुर गांव के रहने वाले 20 वर्षीय राधेश्याम यादव अपने दोस्त 21 वर्षीय चंदन यादव के साथ मोटरसाइकिल से मां पाटेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। दोनों के मन में आस्था और उम्मीद थी। लेकिन रास्ते में ही किस्मत ने ऐसा करवट ली। कि उनकी जिंदगी हमेशा के लिए थम गई। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी बाइक बलरामपुर-गोंडा रोड पर दुल्हिनपुर घाट के पास पहुंची। अचानक संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से जा जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना
घटना के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों को सूचना देते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की खबर जैसे ही घर पहुंची। दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजन बदहवास हालत में बलरामपुर के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम हाउस पर उनका रो-रोकर बुरा हाल था। राधेश्याम यादव अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। ऐसे में वह ही घर की जिम्मेदारी संभाल रहा था। कुछ समय पहले ही उसने दर्जीकुंआ चौराहे पर एक छोटा रिकॉर्डिंग स्टूडियो शुरू किया था। जिससे परिवार का खर्च चलता था। उसकी असमय मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है। वहीं, चंदन यादव के घर में भी मातम पसरा हुआ है। यह हादसा न केवल दो जिंदगियां छीन ले गया। बल्कि दो परिवारों को हमेशा के लिए दर्द दे गया।
पुलिस ने दोनों युवकों के शव को भेजा पोस्टमार्टम
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों युवक दर्शन के लिए जा रहे थे। तभी यह हादसा हुआ। फिलहाल दोंनो युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।


