Ballia News: एसडीएम का अंगूठा लगा हुआ छुट्टी का आवेदन पत्र वायरल, डीएम ने पद से हटा कर भेजा छुट्टी पर

Ballia News: एसडीएम का अंगूठा लगा हुआ छुट्टी का आवेदन पत्र वायरल, डीएम ने पद से हटा कर भेजा छुट्टी पर

बलिया जिले में तैनात बैरिया के एसडीएम आलोक प्रताप सिंह को जिलाधिकारी ने पद से हटाते हुए अवकाश पर भेज दिया है। हाल ही में उनका एक अवकाश आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि उन्हें पालतू कुत्ते ने काट लिया है। आवेदन पर उनके अंगूठे का निशान लगा हुआ था, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

बताया जा रहा है कि एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने अवकाश के लिए दिए गए अपने आवेदन में उल्लेख किया था कि चाय पीते समय उनके पालतू कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ के अंगूठे में गंभीर चोट आ गई। बेहतर उपचार के लिए उन्होंने कुछ दिनों की छुट्टी मांगी थी। आवेदन वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।

DM ने मामले को लिया संज्ञान

जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आलोक प्रताप सिंह को बैरिया एसडीएम के पद से हटाकर अवकाश पर भेज दिया है। उनके स्थान पर बांसडीह के एसडीएम संजय कुशवाहा को बैरिया तहसील का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अब वह अपने मौजूदा दायित्वों के साथ बैरिया तहसील की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

गौरतलब है कि आलोक प्रताप सिंह लंबे समय से विवादों में बने हुए थे। जनवरी माह में एक होमगार्ड ने भी उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आया था। इस घटना के बाद प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही थी।
आलोक प्रताप सिंह 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं। उन्होंने 12 फरवरी 2024 को बलिया में डिप्टी कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला था। फिलहाल जिलाधिकारी के आदेश के बाद उन्हें अवकाश पर भेज दिया गया है और उनके स्थान पर वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *