पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में बॉल टैंपरिंग के मामले में फखर जमान पर एक या दो मैच का बैन लग सकता है। PSL में रविवार को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में बॉल टैंपरिंग को लेकर विवाद सामने आया। लाहौर कलंदर्स पर बॉल टैंपरिंग (गेंद से छेड़छाड़) करने का आरोप लगा और टीम पर 5 रन की पेनल्टी लगाई गई। अब फखर जमान को मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने सुनवाई का सामना करना होगा, जहां उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रन-अप पर तीन खिलाड़ी गेंद से छेड़छाड़ कर रहे थे
घटना कराची किंग्स की पारी के 19वें ओवर के बाद हुई। उस वक्त कराची को जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन चाहिए थे और लाहौर की ओर से हारिस रऊफ गेंदबाजी करने आने वाले थे। तभी शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), हारिस रऊफ और फखर जमान बॉलर के रन-अप पर एक साथ इकट्ठा हो गए। तीनों खिलाड़ियों ने गेंद को अपने हाथों में लिया। अंपायर फैसल अफरीदी ने यह सब देखा और उनसे गेंद वापस ले ली। उन्होंने गेंद को अच्छी तरह जांचा और स्क्वेयर लेग अंपायर शर्फुद्दौला से लंबी चर्चा की। अंपायरों का फैसला था कि लाहौर कलंदर्स ने गेंद से छेड़छाड़ की है। इसलिए कराची किंग्स को 5 पेनल्टी रन दे दिए गए। साथ ही गेंद भी तुरंत बदल दी गई। इस फैसले के बाद कराची किंग्स को जीत के लिए सिर्फ 9 रन चाहिए थे। कप्तान अफरीदी और अंपायर्स के बीच बहस
अंपायर के इस फैसले पर लाहौर के कप्तान शाहीन अफरीदी मैदान पर भड़क गए। उनकी अंपायरों के साथ बहस भी हुई। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शाहीन ने कहा कि उन्हें अब तक समझ नहीं आया है कि पेनल्टी रन क्यों दिए गए। उन्होंने कहा, हम देखेंगे कि अंपायर अपनी रिपोर्ट में क्या कहते हैं, फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पेनल्टी रन मिलने के बाद कराची आसानी से जीता
5 रन की पेनल्टी ने कराची किंग्स को आखिरी ओवर में 9 रन बनाने थे। हारिस रऊफ ने पहली गेंद पर खुशदिल शाह को आउट कर दिया, लेकिन अगली ही गेंद उन्होंने वाइड फेंक दी। इसके बाद क्रीज पर आए अब्बास अफरीदी ने एक चौका और फिर एक छक्का जड़कर अपनी टीम को 3 बॉल बाकी रहते 4 विकेट से जीत दिला दी। ———————– स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… भास्कर IPL रैंकिंग- चेन्नई या मुंबई, कौन है ऑलटाइम नंबर-1 IPL की ऑलटाइम बेस्ट टीम कौन सी है- इस सवाल का जवाब हमेशा बहस में उलझा रहता है। कोई ट्रॉफियों के आधार पर किसी टीम को आगे रखता है तो कोई अपनी पसंद मुताबिक किसी को टॉपर बताता है। इसी कन्फ्यूजन को दूर करने के लिए हमने 18 सीजन (2008–2025) के डेटा के आधार पर एक ऑल-टाइम रैंकिंग तैयार की है। पूरी खबर…
पाकिस्तान लीग में बॉल टैंपरिंग विवाद:फखर जमान पर 1-2 मैच का बैन लग सकता है, लाहौर पर 5 रन की पेनल्टी


