रायबरेली में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को वैलेंटाइन डे का विरोध प्रदर्शन किया। शहर कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा गार्डन के सामने प्रदर्शनकारियों ने पुतला फूंका और इसे भारतीय संस्कृति के विरुद्ध बताया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे मारुत त्रिपाठी ने 14 फरवरी को पुलवामा शहीदों की स्मृति का दिन बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे दिन पाश्चात्य आयोजनों का विरोध करना आवश्यक है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान राष्ट्रभक्ति के नारे भी लगाए गए। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बताया कि आज के दिन हमने अपने जवानों को खोया है हमें इस बात का गम है कि हमारे बीच के जवान देश को बचाने में न्योछावर हो गए और हम अंग्रेजों द्वारा दिए गए वैलेंटाइन डे को लेकर खुशियां मना रहे हैं। हम लोग प्यार के दुश्मन नहीं है लेकिन बाबू सोना कहकर अगर कोई अश्लीलता करेगा तो पकड़े जाने पर उनके शरीर का कोना-कोना तोड़ दिया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा है।


