विश्व प्रसिद्ध बादशाह मेले का आयोजन 4 मार्च को होगा। इसके सफल और भव्य आयोजन के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने बताया कि इस वर्ष मेले को और अधिक आकर्षक बनाने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती होगी। शराब पीकर अशांति फैलाने वालों और अनुचित तरीके से गुलाल फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। नगर परिषद द्वारा मेला मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, मंच, साउंड सिस्टम, आतिशबाजी और रोशनी की समुचित व्यवस्था की जा रही है। सवारी मार्ग में बाधा बन रहे पेड़ों की टहनियों को हटाया जाएगा। भीड़ प्रबंधन के लिए अनधिकृत दुकानों को नियंत्रित किया जाएगा। अच्छी गुणवत्ता वाली लाल गुलाल के उपयोग को सुनिश्चित किया जाएगा। मेले से पहले आवारा पशुओं को हटाया जाएगा और मेला समाप्त होने के बाद शहर एवं मार्गों की सफाई कराई जाएगी। संभावित दुर्घटनाओं और चर्म-नेत्र रोगों के उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालयों में विशेष प्रबंध किए गए हैं। मेले के दिन जिला कार्यालय में मेडिकल टीम और एम्बुलेंस तैनात रहेगी। इसके अतिरिक्त, गुलाल के नमूनों की गुणवत्ता की जांच भी कराई जाएगी। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रह्म लाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी कुलज्योति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बादशाह मेला समिति के सदस्य अमित बंसल, मुकेश गर्ग, अजय गोयल, कमल सर्राफ एवं अन्य सदस्य भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक के अंत में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों एवं जनसंस्थाओं से समन्वय एवं सहयोग के साथ होली एवं बादशाह मेले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का आह्वान किया।


