रामपुर के हरि मंदिर सौंदर्यीकरण में बाधा:मतुआ सेवा ट्रस्ट ने सीएम योगी से कार्रवाई की मांग की

रामपुर के हरि मंदिर सौंदर्यीकरण में बाधा:मतुआ सेवा ट्रस्ट ने सीएम योगी से कार्रवाई की मांग की

रामपुर के बिलासपुर क्षेत्र के गोकुल नगरी गांव में स्थित मतुआ समाज के प्राचीन हरि मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इसको लेकर मतुआ सेवा ट्रस्ट ने एक बैठक की, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया गया है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ असामाजिक तत्व मंदिर के विकास कार्य को रुकवाने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह मंदिर ग्राम समाज की भूमि पर स्थित है और मतुआ समाज की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर का निर्माण पूर्व में ग्राम प्रधान और ग्रामीणों की सहमति से कराया गया था। ठक में बताया गया कि हर वर्ष यहां भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं। ऐसे में मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद, कुछ लोग जानबूझकर कार्य में रुकावट पैदा कर रहे हैं, जिससे समाज में नाराजगी बढ़ रही है। ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री से अपेक्षा की है कि मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा कराया जाए और कार्य में अवरोध उत्पन्न करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द ही उचित कदम नहीं उठाए गए, तो समाज में व्यापक रोष उत्पन्न हो सकता है। इस संबंध में शिकायत करने वालों में ऑल इंडिया मतुआ महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष जयकिशन मंडल, मतुआ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष शुभांकर वाईन, दिलीप हालदार, सुधीर वाईन, सचिन सरकार, प्रभाष राय, रतन मंडल और विकास मंडल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। उधर, थाना प्रभारी बिलासपुर जीत सिंह का कहना है कि अभी तक उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि समिति के लोग मंदिर से संबंधित या कोई अन्य समस्या लेकर आते हैं, तो एक समय सीमा के भीतर जांच कर उसका निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि मंदिर के विकास कार्य में बाधा उत्पन्न करने को लेकर न तो कोई मामला संज्ञान में आया है और न ही कोई शिकायत प्राप्त हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *