नोएडा में बीटेक छात्र ने किया सुसाइड:शराब पीकर हॉस्टल आया था, पिता के डांटने पर चौथी मंजिल से कूद गया

नोएडा में बीटेक छात्र ने किया सुसाइड:शराब पीकर हॉस्टल आया था, पिता के डांटने पर चौथी मंजिल से कूद गया

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में एक बीटेक छात्र ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद अन्य छात्रों ने जमकर हंगामा किया, जिसे पुलिस ने शांत कराया। यह घटना रात करीब 11:30 बजे नॉलेज पार्क-3 स्थित एक हॉस्टल में हुई। बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र उदित सोनी (पुत्र विजय सोनी, निवासी भोगनीपुर, जनपद झांसी) अपने दोस्तों चेतन और कुलदीप के साथ शराब पीकर हॉस्टल आया था। हॉस्टल प्रबंधन ने उसे फटकार लगाई और घटना का वीडियो बनाकर उसके पिता विजय सोनी को भेजा। वीडियो मिलने के बाद पिता ने उदित को डांटा और उसका नाम कटवाकर घर बुलाने की बात कही। इस घटनाक्रम से आहत होकर उदित सोनी ने हॉस्टल की चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की आत्महत्या के बाद हॉस्टल के अन्य छात्र भड़क गए। उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और पास खड़ी एक बस में तोड़फोड़ भी की। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजन मौके पर मौजूद हैं। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और उच्चाधिकारियों ने छात्रों से बातचीत की है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *