Azamgarh News: आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान भरौली गांव निवासी 26 वर्षीय रोशन के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोशन मंगलवार की शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह बाजार जाकर लौंगलता खाकर लौट आएगा। देर रात करीब 9 बजे उसके चचेरे भाई को सूचना मिली कि पियारिया धर्मशाला के पास कुछ लोग रोशन के साथ मारपीट कर रहे हैं। यह खबर मिलते ही परिजन घबराकर मौके पर पहुंचे, जहां रोशन गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रोशन ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि रोशन अपने परिवार में तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था, जिससे उसकी मौत से परिवार पर गहरा आघात पहुंचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


