Azamgarh News: जनपद में थाना कोतवाली पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले एक गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से ₹6,900 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मेहनगर थाना क्षेत्र निवासी एक अभ्यर्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उसकी मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को कोचिंग संचालक बताते हुए आर्मी, पुलिस और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पास कराने का भरोसा दिलाया। आरोप है कि यूपीएसआई परीक्षा में सफलता दिलाने के नाम पर उससे 10 लाख रुपये की मांग की गई और शुरुआती तौर पर 50 हजार रुपये ले लिए गए। इसके साथ ही उसे “टॉप सीक्रेट” बताकर एक कथित प्रश्नपत्र भी दिया गया, जो वास्तविक परीक्षा से मेल नहीं खाया। इसके बाद ठगी का मामला सामने आया।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 17 मार्च की सुबह करीब 8:15 बजे पुरानी जेल बंधा रोड से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय कुमार भारद्वाज (42), निवासी कुतूपुर थाना जहानागंज जनपद आजमगढ़, और अजीत कुमार (34), निवासी कमथरी नूरपुर थाना चिरैयाकोट जनपद मऊ के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अभ्यर्थियों को झांसा देकर पैसे लेते थे और बाजार से खरीदे गए मॉक पेपर को “टॉप सीक्रेट” बताकर उपलब्ध कराते थे। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता से ली गई रकम आपस में बांट ली गई थी, जबकि बरामद नकदी उसी का शेष हिस्सा है। बताया गया कि गिरफ्तार आरोपी अजीत कुमार के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है।


