Azamgarh News: कोतवाली थाना क्षेत्र में उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा करने के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लोगों से लाखों रुपये हड़पने का आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवर अभियंता दिलीप कुमार की शिकायत पर कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मेसर्स फिल्टेक कलेक्शन एजेंसी से जुड़ा एजेंट राहुल राय उपभोक्ताओं से बिजली बिल जमा कराने के नाम पर नकदी लेता था, लेकिन वह राशि विभाग में जमा नहीं करता था। इसके बदले उपभोक्ताओं को फर्जी रसीद थमा दी जाती थी।
जांच के दौरान कई उपभोक्ताओं से बड़ी रकम वसूले जाने की बात सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए जांच तेज कर दी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल राय (25) को बदरका तिराहा से पहाड़पुर मार्ग के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह मूल रूप से गाजीपुर जनपद का निवासी बताया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


