Azamgarh News: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मासूम बच्ची की मौत, दंपति घायल

Azamgarh News: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मासूम बच्ची की मौत, दंपति घायल

Accident News: जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरडीहा मोड़ के पास स्थित एक होटल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करिया गोपालपुर निवासी 62 वर्षीय इंद्रमणि राम अपनी पत्नी रामवती देवी (58) और चार माह की नातिन के साथ लूना मोटरसाइकिल से चंदवक की ओर दवा कराने जा रहे थे। बरडीहा मोड़ के समीप पहुंचते ही सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घटना के बाद सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामवती देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया। इंद्रमणि राम को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस हादसे से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी परिवार एक बच्ची को खो चुका है, जिससे यह घटना उनके लिए गहरा सदमा बनकर आई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *