Ayush Mhatre Record in IPL 2026: आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) की भिड़ंत शुक्रवार को एमए चिदंबरम स्टेडियम में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। सीएसके के बल्लेबाज आयुष म्हात्रे (Ayush Mhatre) ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। आयुष एमए चिदंबरम स्टेडियम (MA Chidambaram Stadium) पर अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं।
पृथ्वी शॉ के रिकॉर्ड की भी बराबरी
आयुष ने चेन्नई सुपर किंग्स के घरेलू मैदान एमए चिदंबरम में 18 साल 261 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया। आयुष ने 19 साल की उम्र से पहले आईपीएल में सबसे ज्यादा 50 से अधिक रनों की पारी खेलने के मामले में पृथ्वी शॉ की बराबरी भी कर ली है। आयुष ने दूसरी बार आईपीएल में पचास रनों का आंकड़ा पार किया है, जबकि पृथ्वी शॉ ने भी 19 साल की उम्र से पहले 2 बार आईपीएल में 50 से अधिक रनों की पारी खेली है। इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) पहले स्थान पर हैं।
आयुष ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 169 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 6 चौके और 5 छक्के लगाए। टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन महज 7 रन बनाकर पवेलियन लौटे। हालांकि, इसके बाद आयुष ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर टीम की पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़े। ऋतुराज ने 22 गेंदों में 28 रन बनाए। हालांकि, आयुष एक छोर संभालकर खड़े रहे। उनके सामने पंजाब किंग्स के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
चेन्नई सुपर किंग्स ने इस मुकाबले के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया। मैथ्यू शॉर्ट की जगह सीएसके ने प्रशांत वीर को अंतिम ग्यारह में शामिल किया। प्रशांत को सीएसके ने ऑक्शन में 14.20 करोड़ रुपये की बोली लगाकर खरीदा है। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत आईपीएल 2026 में अच्छी नहीं रही है। टीम को पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।


