Ayurvedic Diet for Summer : चिलचिलाती गर्मी में हर कोई अपने शरीर को ठंडा रखना चाहता है। क्योंकि, ऐसा नहीं करने पर हेल्थ खराब हो सकता है। डिहायड्रेशन के कारण कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। डॉ. अर्जुन राज (आयुर्वेदिक चिकित्सक) ने पत्रिका के साथ बातचीत में बताया, “गर्मी के मौसम में शरीर में पित्त दोष बढ़ जाता है, जिसे संतुलित रखने के लिए सही आहार और दिनचर्या बेहद जरूरी है।” आइए, गर्मी के अनुसार खान-पान के बारे में विस्तार से जानते हैं।
Ayurvedic Diet Chart for Summer | डॉक्टर ने गर्मी का डाइट चार्ट बताया
गर्मी में सुबह क्या खाएं?
- खाली पेट: सुबह उठकर आंवला जूस, एलोवेरा जूस या त्रिफला का पानी पिएं।
- भिगोए हुए नट्स: रात भर भीगे हुए बादाम, किशमिश या खसखस का सेवन करें।
- चिया सीड्स: पेट की गर्मी कम करने के लिए चिया सीड्स को अपनी डाइट में शामिल करें।
- रसीले मौसमी फल: तरबूज, खरबूजा या मीठा नींबू (मौसमी) जैसे फलों से दिन की शुरुआत करें।

गर्मी के लिए दोपहर का संतुलित भोजन
- ठंडी तासीर वाली सब्जियां: लंच में लौकी, खीरा, पालक और केल जैसी सब्जियों का अधिक प्रयोग करें।
- पाचन के लिए अमृत: दोपहर के खाने के साथ ताजा छाछ (मट्ठा) पिएं। इसमें जीरा और पुदीना मिलाना पाचन के लिए और भी गुणकारी होता है।
- हल्का अनाज: जौ या चावल के साथ मूंग की दाल का सेवन करना गर्मी में शरीर के लिए सुपाच्य रहता है।
गर्मी में रात का हल्का आहार
- सुपाच्य भोजन: रात का खाना हल्का होना चाहिए, जैसे मूंग दाल की खिचड़ी या लौकी का सूप।
- इनसे बचें: रात के समय बहुत अधिक मसालेदार, तला-भुना या भारी भोजन करने से बचें, क्योंकि यह शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है।
- समय का ध्यान रखें: रात का भोजन शाम 6-7 बजे के बीच कर लें।
गर्मी के हिसाब से विशेष आयुर्वेदिक टिप्स
- नेचुरल हाइड्रेशन: पानी की कमी पूरी करने के लिए नारियल पानी और सौंफ के पानी का सेवन करें।
- शुद्ध घी का उपयोग: आयुर्वेद में घी को शरीर को आंतरिक रूप से ठंडा रखने के लिए श्रेष्ठ माना गया है।
- स्मार्ट चॉइस: गर्मी के दिनों में आइस्ड कॉफी के बजाय हर्बल चाय का चुनाव करें।
डिस्क्लेमर- अगर आपको गर्मी में एलर्जी या उपरोक्त बताए किसी फूड से समस्या होती है तो उसका सेवन ना करें। आप अपने हिसाब से पर्सनलाइज्ड डाइट चार्ट ही फॉलो करें। विशेष फायदा के लिए हर कोई व्यक्तिगत स्वाद और स्वास्थ्य के हिसाब से विशेषज्ञ से डाइट चार्ट बना सकता है।


