अयोध्या के तारुन थाना पुलिस ने कुछ घंटों में चोरी का खुलासा कर दिया है। सड़क किनारे खड़े डंपर और ट्रेलर से डीजल, हेडलाइट व झालर चोरी करने वाले गैंग के तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 60 लीटर डीजल समेत चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार तीनों रोड किनारे खड़े डंपर से अज्ञात चोरों ने डीजल, हेडलाइट और सजावटी झालर पार कर दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिर की सूचना पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद अभियुक्तों की निशानदेही पर गन्ने के खेत से चोरी का माल बरामद हुआ। पुलिस ने तीन हेडलाइट, तीन गजरा (झालर), दो प्लास्टिक के फूल, तीन पिपिया में भरा करीब 60 लीटर डीजल और वारदात में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। तारुन थाना प्रभारी देवेंद्र पांडेय ने बताया कि पकड़ें गए आरोपियों की पहचान राहुल पांडेय, सुमित विश्वकर्मा और विपिन वर्मा के रुप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों को निशाना बनाते थे और डीजल निकालकर बाजार में बेच देते थे। थाना तारुन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से वारदात का शीघ्र खुलासा हो सका। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।


