T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होते ही ऑस्ट्रेलिया के लिए एक और बुरी खबर! क्या न्यूजीलैंड की वजह से ऑस्ट्रेलिया 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक से भी बाहर हो जाएगा? जानिए क्या है वो एक कॉन्टिनेंट-एक टीम वाला नियम…
The 2028 Summer Olympics, LA Olympics 2028: ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए श्रीलंका में चल रहा यह टी20 वर्ल्ड कप किसी बुरे सपने जैसा रहा है। टूर्नामेंट से जल्दी बाहर होने का खामियाजा अब उन्हें 2028 के लॉस एंजिल्स (LA) ओलंपिक से हाथ धोकर चुकाना पड़ सकता है। ऑस्ट्रेलिया ने ही सालों तक क्रिकेट को ओलंपिक में शामिल कराने के लिए जोर लगाया था, लेकिन अब खुद उनकी ही जगह खतरे में है।
क्या है पूरा गणित?
ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी 100 साल से भी ज्यादा समय के बाद हो रही है, लेकिन इसमें सिर्फ 6 टीमें ही हिस्सा लेंगी। वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर टीमें क्वालीफाई करेंगी। एक कॉन्टिनेंट से एक टीम करेगी क्वालीफाई। ओलंपिक के नियमों के अनुसार, अक्सर एक क्षेत्र या महाद्वीप से टॉप टीम को प्राथमिकता मिलती है। अगर न्यूजीलैंड रैंकिंग में ऊपर निकल गया, तो ओशिनिया क्षेत्र से वे सीधे क्वालीफाई कर जाएंगे। अगर ऑस्ट्रेलिया रैंकिंग के जरिए सीधे क्वालीफाई नहीं कर पाया, तो उन्हें एक ‘करो या मरो’ वाले क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट में खेलना होगा।
न्यूजीलैंड मार सकता है बाजी
वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलिया रैंकिंग में न्यूजीलैंड से काफी आगे था। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के जल्दी बाहर होने से दरवाजा खुल गया है। अगर न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल या उससे आगे तक पहुंच जाती है, तो वे रैंकिंग में ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ देंगे।
क्या इन दिग्गजों का टूटेगा सपना?
स्टीव स्मिथ और पैट कमिंस ने कहा था कि उनका लक्ष्य 2028 ओलंपिक में खेलना है। स्मिथ ने तो हाल ही में कहा, ‘मेरा मुख्य लक्ष्य ओलंपिक टीम में जगह बनाना है, यह बहुत कूल होगा।’ लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि जिस टीम (ऑस्ट्रेलिया) ने 2007 से क्रिकेट को ओलंपिक में लाने के लिए मेहनत की, वही इससे बाहर हो सकती है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के पूर्व अधिकारी फिलिप पोप का कहना है कि अगर ऑस्ट्रेलिया दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन (ओलंपिक) के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाता है, तो यह ‘मैनेजमेंट की बहुत बड़ी नाकामी’ मानी जाएगी।
पहले T20 वर्ल्ड कप और अब ओलंपिक्स…
T20 वर्ल्ड कप 2026 से शर्मनाक विदाई के बाद, अब ऑस्ट्रेलिया के पास ओलंपिक का टिकट गंवाने का भी डर है। अगर न्यूजीलैंड अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखता है, तो ऑस्ट्रेलिया के पास पछताने के अलावा कुछ नहीं बचेगा।
Sports – Patrika | CMS


