गोंडा में मृतक शिवा सिंह की ऑडियो रिकॉर्डिंग आई सामने:कहां-जीने की इच्छा नहीं, मैं जीना नहीं चाहता हूं; मरने जा रहा हूं

गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र के नकहारा गांव में पानी की टंकी के नीचे मिले 15 वर्षीय शिवा सिंह के शव को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया, जिसके चलते मृतक का बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। पुलिस को मृतक शिवा सिंह के मोबाइल फोन से 54 सेकेंड की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है। इस रिकॉर्डिंग में शिवा आत्महत्या की बात कहता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में शिवा कहता है कि उसका जीने का मन नहीं कर रहा, वह पानी की टंकी पर बैठा है और वहीं से कूदकर जान देने की बात करता है। उसने अपने माता-पिता, भाई, दादी, चाचा-चाची, मामा-मामी सहित सभी परिजनों से माफी भी मांगी है। डिप्रेशन में उठाने का अंदेशा ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि माता-पिता के दिल्ली में रहने और अकेलेपन के कारण शिवा डिप्रेशन में था। बताया गया कि शिवा नकहारा गांव में अपने चाचा-चाची के साथ रहता था। शिवा सिंह का शव शनिवार देर रात पानी की टंकी के पास मिला था। आशंका जताई जा रही है कि उसने पानी की टंकी से कूदकर आत्महत्या की। रविवार सुबह शव मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। नवाबगंज थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिससे यह साफ हो रहा है कि किसी ने हत्या नहीं की, बल्कि शिवा ने खुद पानी की टंकी से कूदकर जान दी। पोस्टमॉर्टम में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *