होली के बीच गौरेला के सरस्वती नगर के वार्ड क्रमांक 3 निवासी अधिवक्ता आशुतोष प्रताप मिश्रा के घर को अज्ञात नकाबपोशों ने आग लगाने का प्रयास किया। यह घटना 3 मार्च की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कुछ अज्ञात हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधकर पहुंचे थे। उन्होंने बोतल में लाए गए ज्वलनशील पदार्थ को घर के मुख्य दरवाजे पर छिड़ककर आग लगा दी। घटना के वक्त वकील आशुतोष मिश्रा और उनका परिवार गहरी नींद में था। जब घर के भीतर धुआं भरने लगा और दम घुटने जैसी स्थिति पैदा हुई, तब परिवार की नींद खुली। परिजनों ने दरवाजे पर धधकती आग का पता चलते ही सतर्कता से आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी जनहानि और क्षति टल गई। वारदात सीसीटीवी में कैद वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज में नकाबपोशों की हरकतें कैद हुई हैं, लेकिन पहचान छिपाने के कारण अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और विवेचना शुरू कर दी गई है। स्थानीय नागरिकों और वकीलों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो यह एक अक्षम्य त्रासदी में बदल सकती थी। प्रथम दृष्टया यह मामला किसी गहरी रंजिश की ओर इशारा कर रहा है, जिसमें पूरे परिवार को नुकसान पहुंचाने की नियत साफ झलक रही है।


