पलवल जिले में एक युवती से घर में घुसकर रेप का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के भाई के साथ मारपीट भी की। कैंप थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना कैंप थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में 7 जनवरी को सुबह करीब 11 बजे हुई। शिकायतकर्ता युवती ने बताया कि वह अपने घर में अकेली थी, तभी सचिन नामक युवक जबरन घर में घुस आया। युवती के अनुसार, सचिन ने उसे घर में बंधक बना लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए रेप का प्रयास किया। जब युवती ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। पीड़िता ने किसी तरह खुद को छुड़ाकर मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया। मारपीट करके फरार हुए आरोपी युवती का शोर सुनकर उसका बड़ा भाई मौके पर पहुंचा। भाई को आता देख सचिन भागने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया। इसी दौरान सचिन ने अपने साथी रामू को आवाज देकर बुला लिया। दोनों आरोपियों ने मिलकर युवती के भाई के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। युवती के भाई ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों की बात सुनी। इसके बाद युवती ने कैंप थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी सचिन और रामू के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


