सोनीपत जिले में नाबालिग लड़कियों को अगवा करने से जुड़ी दो अलग-अलग वारदातों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पहला मामला — स्कूल जा रही नाबालिग को अगवा करने की कोशिश
थाना सदर गोहाना पुलिस ने स्कूल जा रही नाबालिग लड़की को अगवा करने की कोशिश करने के मामले में आरोपी अंकित निवासी रामगढ़, जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। 29 सितंबर को सोनीपत निवासी एक युवक ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दी थी कि 19 सितंबर को उसकी नाबालिग बहन स्कूल जाने के लिए गांव के मुख्य अड्डे पर खड़ी थी। उसी दौरान एक गाड़ी आई, जिसमें अंकित निवासी रामगढ़ और रोहित निवासी पिंडारा (जिला जींद) बैठे थे। दोनों ने जबरदस्ती लड़की को गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, लेकिन शोर मचाने पर वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी अंकित को गिरफ्तार किया गया और घटना में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। दूसरा मामला — नाबालिग लड़की के अपहरण का आरोप
थाना राई पुलिस ने एक अन्य मामले में नाबालिग लड़की को अगवा करने के आरोप में चंकित उर्फ चिंटू निवासी खेवड़ा, जिला सोनीपत को गिरफ्तार किया है। 2 अक्टूबर को सोनीपत निवासी एक महिला ने थाना राई में शिकायत दी थी कि 1 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे उसकी नाबालिग बेटी घर से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद महिला ने बेटी के अपहरण की आशंका जताई। जांच अधिकारी उप निरीक्षक सतीश ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी चंकित उर्फ चिंटू को गिरफ्तार किया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। दोनों मामलों में पुलिस ने बताया कि नाबालिग पीड़िताओं के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए हैं और आगे की जांच जारी है।


