रामगढ़ में स्कूली बच्चे के अपहरण की कोशिश:ट्यूशन से लौटते समय कार में बैठाया, चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान, आरोपी गिरफ्तार

रामगढ़ थाना क्षेत्र के छतर मांडू में बुधवार को ट्यूशन से लौट रहे एक स्कूली बच्चे के अपहरण का प्रयास किया गया। यह घटना छतर मांडू थाना क्षेत्र के असना टोला की है। जानकारी के अनुसार बच्चा गुरु नानक स्कूल का छात्र है, जो रोज की तरह स्कूल से लौटने के बाद ट्यूशन पढ़कर घर जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे जबरन चारपहिया गाड़ी में बैठा लिया। उसे लोधमा की ओर ले जाने लगा। बच्चे की सूझबूझ से बड़ी अनहोनी टल गई। रास्ते में जैसे ही गाड़ी की रफ्तार धीमी हुई, बच्चे ने गेट खोला और चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना के बाद बच्चा पास के एक होटल में घुस गया और वहां मौजूद लोगों को पूरी आपबीती सुनाई। छतर मांडू चौक पर सौंपा गया बच्चा बच्चे की चीख-पुकार और होटल में बताई गई घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की गाड़ी का पीछा किया और छतर मांडू चौक के पास उसे रोक लिया। इस दौरान बच्चे को सुरक्षित उसके पिता संतोष कुमार वर्मा को सौंप दिया गया। बच्चे के पिता ने बताया कि उनका बेटा दोपहर 3:30 बजे स्कूल से उतरकर शाम 4 बजे ट्यूशन पढ़ने गया था। ट्यूशन 5:30 बजे खत्म होने के बाद उसने अपने ट्यूशन मास्टर के मोबाइल से फोन कर पिता को बुलाया था। पिता ने उसे पंचम होटल के पास रुकने को कहा था, लेकिन इससे पहले ही स्कूल के पीछे मैदान के पास गांव के ही सुधांशु रंजन (पिता नरेश महतो) ने उसे जबरन पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया। आरोपी गिरफ्तार, थाने में मामला दर्ज घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी सुधांशु रंजन को हिरासत में लेकर थाना ले आई। यहां उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय समेत कई पुलिस पदाधिकारी थाना पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बच्चे के पिता ने रामगढ़ थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी की गाड़ी को भी जब्त कर लिया है और मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *