मिलिट्री डेयरी फार्म में सेना के दो जवानों पर हमला:प्रयागराज में सरिया चोरी करते, तालाब से मछली पकड़ते मिले दो लोगों ने की घटना

मिलिट्री डेयरी फार्म में सेना के दो जवानों पर हमला:प्रयागराज में सरिया चोरी करते, तालाब से मछली पकड़ते मिले दो लोगों ने की घटना

प्रयागराज के कैंट एरिया में स्थित मिलिट्री डेयरी फार्म में शनिवार शाम पेट्रोलिंग के दौरान सेना के दो जवानों पर हमला किया गया। गालीगलौज व धक्कामुक्की की गई। अन्य जवानों के आने पर हमलावर भाग निकले। इनमें से दो लोग सरिया चोरी करते और अनाधिकृत रूप से मछली पकड़ते मिले थे। पुलिस ने एक जवान की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शाम 5:30 बजे हुई घटना
मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के रहने वाले नायक प्रेमचंद्र सेना की सीईटीएफ बटालियन में तैनात हैं और वर्तमान में कैंट स्थित छावनी में उनकी तैनाती है। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया, शनिवार शाम 5:30 बजे के करीब वह अपने साथी राइफलमैन अनिल कुमार के साथ गश्त कर रहे थे।
दर्जनों लोगों को बुला लिया
इसी दौरान नेहरू पार्क के पास उन्हें दो संदिग्ध युवक नजर आए। एक युवक तालाब में मछली पकड़ रहा था, जबकि दूसरा शेड से सरिया चोरी कर रहा था।
जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो दोनों गालीगलौज पर उतारू हो गए और कुछ ही देर में अपने दर्जनों साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर जवानों पर हमला कर दिया।
यूनिट के साथी पहुंचे तो भाग निकले
हालात बिगड़ते देख जवान किसी तरह वहां से निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे और यूनिट को सूचना दी। सूचना मिलते ही अन्य जवान मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पीड़ित जवान की तहरीर पर कैंट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
इंस्पेक्टर अमरनाथ राय के मुताबिक, मामले में एक आरोपी की पहचान बाबा जी पासवान के रूप में हुई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। उसे नामजद किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *